गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. India most tolerant country in the world: Venkaiah Naidu
Written By
Last Modified: जयपुर , गुरुवार, 19 नवंबर 2015 (18:25 IST)

भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश- नायडू

भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश- नायडू - India most tolerant country in the world: Venkaiah Naidu
जयपुर। देश में बढ़ रही असहिष्णुता को लेकर किए जा रहे दुष्प्रचार पर केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने गुरुवार को कहा कि भारत दुनिया का सबसे सहिष्णु देश है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
 
‘रिसर्जेंट राजस्थान’ के उद्घाटन सत्र के दौरान नायडू ने कहा कि देश में किसी प्रकार की असहिष्णुता नहीं है। देश में कभी असहिष्णुता नहीं रही है, और यही हमारे देश का दर्शन है। हमारा देश वसुधव कुटुंबकम में विश्वास रखता है। देशवासी सहिष्णुता में विश्वास करते हैं।
 
उन्होंने कहा कि कुछ हिस्सों में असहिष्णुता के नाम पर कुछ अप्रिय घटनाएं घटी होंगी, लेकिन वे सामान्य नहीं हैं। भारतीय सहिष्णु हैं। उन्होंने कहा किजनता ने हमें विकास के लिए जनमत दिया है। जनमत सर्वोच्च है। देश की छवि नकारात्मक ना बनाएं। देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है.. दुनिया इसे देख रही है। भारत निवेश के लिए एक उपयुक्त स्थान है। 
 
नायडू ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा राजस्थान में किए जा रहे विकास संबंधी प्रयासों पर चर्चा करते हुए कहा कि पहले गरीबी पर राजनीति हुआ करती थी लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकास की राजनीति की जाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार विकास की दिशा में राजस्थान को हर संभव मदद करेगी। (भाषा)