Weather Update 20 April : उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, झारखंड समेत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज, वाराणसी और नौगांव में पारा 44 डिग्री पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के साथ ही अन्य कई राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने पश्चिम मध्य प्रदेश एवं विदर्भ, छत्तीसगढ़ में आज हिट वेव का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 अप्रैल तक और झारखंड में 20 और 21 को लू चल सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 अप्रैल तक, पश्चिमी राजस्थान में 23 अप्रैल तक हिट वेव का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 21 से 23 अप्रैल के दौरान कुछ स्थानों पर उष्ण लहर चलने की संभावना है।
गर्मी में क्या सावधानी रखें
डॉक्टरों के अनुसार, कोशिश करें कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। अगर निकलना जरूरी हो, तो सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। बाहर निकलते समय सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें। सिर को टोपी, स्कार्फ या छतरी से ढंककर रखें। आंखों को सीधी धूप से बचाने के लिए अच्छी क्वालिटी के सनग्लासेस का उपयोग करें। प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने के लिए ओआरएस, नारियल पानी, लस्सी, या नमक-चीनी का घोल पिएं। अधिक चाय, कॉफी, सोडा या शराब का सेवन न करें, क्योंकि ये शरीर को अंदर से डिहाइड्रेट करते हैं।
ALSO READ: Summer Health: लू से बचना है? तो ये 5 'देसी ड्रिंक्स' हैं आपके रक्षक
यूपी में पारा 44 डिग्री पार
प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई आदि शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रयागराज में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 44.2 डिग्री सेल्सियस और बांदा में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर में 20 और 21 अप्रैल को लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
क्या है मध्य प्रदेश में मौसम का हाल
मध्य प्रदेश में रविवार को भी भीषण गर्मी का असर दिखाई दिया। नौगांव में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री, खजुराहो में 43.9 डिग्री और दतिया में 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में तेज हवा और बूंदाबांदी की वजह से तापमान में गिरावट आई। आज भी टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी, पन्ना, कटनी और उमरिया जिलों में लू चलने की संभावना है।
कैसा है दिल्ली का मौसम?
दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 39 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल को भी मौसम में ऐसा ही रहेगा।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
असम और मेघालय में 21 अप्रैल तक जबकि अरुणाचल प्रदेश में 20 और 21 अप्रैल को कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा की संभावना है। आंध्र प्रदेश में 20 से 23 अप्रैल, तेलंगाना और कर्नाटक में 20-22 अप्रैल के दौरान बिजली चमकने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बिजली चमकने के साथ ही बारिश की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta