LPG, LNG की कमी नहीं, Iran-Israel War के बीच देशवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी
मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध संकट के बीच ऊर्जा सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में है और देश के पास ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। भारत सरकार ने किसी भी स्थिति निपटने के लिए प्लान तैयार रखा है। देशवासियों को पेट्रोल-डीजल और एलपीजी में महंगाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
LPG और LNG की कोई कमी नहीं
सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि भारत में एलपीजी (LPG) या एलएनजी (LNG) की कोई कमी नहीं है। कच्चे तेल (Crude Oil) की वैश्विक उपलब्धता भी पर्याप्त है और भारत लगातार अन्य वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं के संपर्क में है। राहत की बात यह है कि देश का एनर्जी स्टॉक हर दिन भरा जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी किल्लत की संभावना न के बराबर है।
नए बाजारों की तलाश और वैश्विक साझेदारी
भारत ने अपनी रणनीति बदलते हुए अब कतर पर निर्भरता कम करने के लिए अन्य देशों की ओर रुख किया है। भारत रोजाना 195 MMSCMD गैस का आयात करता है, जिसमें से कतर केवल 60 MMSCMD की आपूर्ति करता है। अब ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने भी भारत को गैस बेचने का प्रस्ताव दिया है। हाल ही में भारत ने अमेरिका और यूएई (UAE) के साथ नए महत्वपूर्ण अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं।
सुरक्षा और निगरानी
सरकार ऊर्जा की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिन में दो बार इसकी समीक्षा कर रही है। जहाजों के बीमा (Insurance) के मसले पर भारत अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है। इसके अलावा, भारत अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) और ओपेक (OPEC) जैसे प्रमुख संगठनों के साथ भी निरंतर संपर्क में है ताकि कच्चे तेल और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। Edited by : Sudhir Sharma