1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. india bloc meeting delhi mamata banerjee opposition strategy 2029 lok sabha election

INDIA bloc की बड़ी बैठक, कौनसे दल हुए शामिल, क्या 2029 चुनाव की बनी रणनीति, ममता बनर्जी पर क्यों रहीं सबकी निगाहें

INDIA bloc Meeting
विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (INDIA) की बड़ीळ बैठक सोमवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि बैठक में कुल 25 राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया और 5 महत्वपूर्ण फैसलों पर सहमति बनी। साथ ही यह तय किया गया कि अब गठबंधन की बैठकें अधिक नियमित रूप से होंगी और अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में आयोजित की जाएगी।

ममता बनर्जी पर सबकी निगाहें

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रविवार को ही दिल्ली पहुंच गई थीं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद वह लगातार राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही हैं। चुनावी हार के बाद पार्टी के भीतर बगावत की खबरें भी सामने आईं, जहां कई विधायकों ने अलग नेता प्रतिपक्ष चुन लिया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ममता बनर्जी ने 2029 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खिलाफ एक मजबूत और एकजुट विपक्षी मोर्चा बनाने पर जोर दिया।
 
बैठक का मुख्य उद्देश्य सहयोगी दलों के बीच उभरे मतभेदों को दूर करना और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर साझा रणनीति तैयार करना था। हाल के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) को मिले झटकों के बाद यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
 
डीएमके और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) इस बैठक में शामिल नहीं हुईं। डीएमके ने पहले ही कांग्रेस द्वारा तमिलनाडु में टीवीके (TVK) के साथ चुनाव बाद गठबंधन किए जाने पर नाराजगी जताते हुए बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया था।

बैठक का एजेंडा क्या रहा?

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि बैठक के बाद ही एजेंडे की पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित दबाव और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। वेणुगोपाल ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के आरोप लग रहे हैं और छात्रों से जुड़े कई मुद्दे सामने हैं, उन सभी विषयों पर INDIA गठबंधन के नेताओं ने विस्तार से चर्चा की है।

बैठक की बड़ी बातें

1. वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश को जल्द पत्र भेजा जाएगा।
2. शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग पर सर्वसम्मति बनी।
3. केंद्र सरकार से आर्थिक संकट, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दों और अत्याचारों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग।
4. सभी दलों की बैठक हर महीने में होगी, अगली बैठक हैदराबाद में आयोजित होगी।
5. मानसून सत्र के दौरान संसदीय समन्वय जारी रहेगा, विपक्ष के नेता के कार्यालय में रोज़ सुबह बैठक होगी। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें