Monsoon Alert : पहाड़ों से मैदान तक बारिश का कहर, राजौरी में 200 गाड़ियां बहीं, इन राज्यों में रेड अलर्ट
देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। जम्मू-कश्मीर से लेकर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
राजौरी में बाढ़ का कहर, 200 से ज्यादा वाहन पानी में बहे
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश से धरहल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके बाद निचले इलाकों में पानी भर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात से ही इलाके में तेज बारिश जारी है। बाढ़ के पानी की चपेट में आने से 200 से ज्यादा गाड़ियां बह गईं। सोशल मीडिया पर बाढ़ में बहती गाड़ियों के वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
राजौरी के कई इलाकों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा प्रभावित
जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। राजौरी, अनंतनाग, उधमपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक घाटी और जम्मू संभाग के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और भारी बौछारों की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
पहाड़ी राज्यों में रेड अलर्ट, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में खतरा बढ़ा
मौसम विभाग ने 19 से 24 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। 20 और 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।ळ इस दौरान तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 18, 2026
मुख्य बिंदु
(i) अगले 6–7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पूर्व तथा पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय मानसूनी परिस्थितियाँ बनी रहने की संभावना है।
(ii) अरुणाचल प्रदेश तथा असम एवं मेघालय में 18 जुलाई को; उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 18 एवं 19 जुलाई को;… pic.twitter.com/X8KrWiIm5l
मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 24 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 18 और 19 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में 22 से 24 जुलाई के बीच तेज बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी
मानसून के सक्रिय होने से उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश के साथ 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

