मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Happy New Year 2020
Written By वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Last Updated : बुधवार, 1 जनवरी 2020 (01:27 IST)

Happy New Year 2020 का स्वागत देशभर में करोड़ों युवाओं ने जश्न मनाकर किया

Happy New Year 2020 का स्वागत देशभर में करोड़ों युवाओं ने जश्न मनाकर किया - Happy New Year 2020
नई दिल्ली, मुंबई। घड़ी की सूईयों ने जैसे ही रात के 12 के कांटे को स्पर्श किया, वैसे ही पूरे देश में नए साल 2020 (Happy New Year, 2020) ने दस्तक दे दी और लोग खुशी से झूम उठे। देश के प्रमुख महानगरों में जोरदार आतिशबाजी से आसमान रौशनी में नहा उठा। हैप्पी न्यू ईयर के नारों के साथ युवाओं की टोली जश्न मनाने निकल पड़ी। न्यूजीलैंड और थाईलैंड में भी जोरदार आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया।
 
पूरे देश में नववर्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जा रहा है। दिल्ली और मुंबई में युवाओं पहले से संगीत के साथ नए साल की अगवानी की तैयारी कर रखी थी। जैसे ही नया साल शुरु हुआ, युवक युवतियां खुशी से झूम उठे। 
 
कई जगह तेज आवाज के साथ डीजे पर थिरकते युवाओं को देखा जा सकता था। कुछ बड़ी होटलों में संगीत के साथ डांस का विशेष आयोजन रखा गया था। हिंदू रीति के अनुसार भले ही 'गुड़ी पड़वा' से नया साल शुरू होता है लेकिन देश के करोड़ों युवा 31 दिसम्बर की रात को तारीख बदलते ही नए साल का जश्न मनाते हैं।

दिल्लीवासियों ने रेस्तराओं, पबों, मॉल और अन्य स्थानों पर जोरदार ढंग से नए साल का स्वागत किया और पुराने साल को विदाई दी। नए साल के मौके पर भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो ने राजीव चौक स्टेशन पर प्रवेश और निकास को बंद कर दिया था। 
 
दिल्ली यातायात पुलिस ने कनॉट प्लेस और उसके आसपास के क्षेत्रों में रात 8 बजे के बाद विशेष पाबंदी लगाई थी। कनॉट प्लेस के भीतरी, मध्य और बाहरी सर्किल में वाहनों को जाने की इजाजत नहीं थी।
 
दिल्ली में खासकर बाजारों, मॉल, पंचसितारा होटलों, रेस्तराओं, पबों, बारों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है ताकि व्यवस्थित ढंग से नया साल मनाया जा सके। साकेत के सलेक्ट सिटी वाक मॉल, नेहरू प्लेस, खान मार्केट, राजौरी गार्डन और कनॉट प्लेस समेत शहर में विभिन्न महत्वपूर्ण बाजारों और लोकप्रिय पार्टी स्थलों पर नए साल का जश्न मनाते हुए लोगों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई।
मुंबई में 2019 को आखिरी विदाई : मुंबई के युवाओं में भी नववर्ष के आगमन को लेकर काफी जोश देखने को मिला। यहां समुद्र तट पर बड़ी संख्या में युवा, बच्चे और बुजुर्ग जमा हुए और उन्होंने खुशियों के साथ 2019 के सूरज को आखिरी विदाई दी। कई लोग 2019 की शाम को अपने मोबाईल कैमरे में कैद करते रहे।
 
समुद्र तट पर बड़ी संख्या में कई लोग परिवार सहित पहुंचे और उन्होंने सेल्फियां भी लीं। दूसरी ओर युवकों के झुंड अलग-अलग पोज में 2019 की आखिरी शाम की तस्वीर कैमरे में कैद करते रहे। यहां सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजामात थे ताकि कोई उत्साह में गहरे समुद्र में नहीं चला जाए। 
यहां पर युवाओं का जोश देखते ही बनता था। चारों तरफ हर्ष और उल्लास की लहर थी। जहां एक ओर 2019 के साल को आखिरी सलाम किया जा रहा था, वहीं युवाओं की टोलियों में आने वाले साल 2020 का स्वागत करने के लिए उमंगे हिलोरें ले रही थीं। 
 
जैसे ही सूर्य मुंबई के समुद्र में छुप गया और अंधेरा गहराने लगा, तब जाकर यहां से लोगों की रवानगी हुई लेकिन उससे पहले सूर्यास्त की लालिमा जब समुद्र की लहरों पर अठखेलियां कर रही थी, तब यह नजारा देखते ही बनता था। इसी के साथ लोग एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते भी नजर आने लगे। 
ट्रैफिक पुलिस का मुंबई में अभियान : नए वर्ष की पूर्व संध्या पर ही मुंबई की ट्रैफिक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया था। यह अभियान वाहनों के कागजात के लिए नहीं था, अलबत्ता पुलिसकर्मी ब्रिथिंग मशीन के साथ सड़क पर उतरी ताकि शराबी वाहन चालकों की खबर ले सके। 
 
शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 198 लोग गिरफ्तार : मुंबई में हजारों लोग समुद्र तटों और मरीन ड्राइव पर नववर्ष का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए। मध्यरात्रि तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली लेकिन यातयात पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 198 लोगों को गिरफ्तार किया है। अंधेरी क्षेत्र में एक शराबखाने में 11 लोगों को अश्लील रूप से नाचने गाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
 
40 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती : मुंबई की सड़कों पर होने वाले जश्न में किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों, दंगा निरोधक पुलिस, त्वरित प्रतिक्रिया दल, अपराध शाखा और यातायात पुलिस के साथ कम से कम 40 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। 
होटल और मदिरालयों के अलावा समुद्र तटों पर भी नववर्ष का जश्न मनाया जा रहा है, जिसके लिए पुलिस की अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था है। मुंबई पुलिस के अनुसार गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, गिरगांव चौपाटी तट और माहिम, बांद्रा, वर्सोवा, गोराई और जुहू पर भी निगरानी की जाएगी। महिलाओं से छेड़खानी रोकने के लिए पुलिस सादे कपड़ों में भीड़ में मौजूद है।
 
5 हजार सीसीटीवी कैमरों से निगरानी : मुंबई पुलिस 5 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों से भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी कर रहे हैं जबकि ड्रोन से समुद्र तट पर नजर रखी जा रही है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस मुख्य सड़कों और शहर के प्रवेश और निकास स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता के साथ काम कर रही है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों शामत आ सकती है। (मुंबई की तस्वीरें गिरीश श्रीवास्तव के कैमरे से)
ये भी पढ़ें
पातालपानी में कैप्सूल लिफ्ट गिरने से उद्योगपति पुनीत अग्रवाल समेत 6 लोगों की मौत