शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Frosted in Madhya Pradesh and UP
Written By
Last Updated : बुधवार, 22 दिसंबर 2021 (09:06 IST)

Weather Update: मध्यप्रदेश और यूपी में पाला पड़ा, दिल्ली रही शीतलहर की चपेट में

Weather Update: मध्यप्रदेश और यूपी में पाला पड़ा, दिल्ली रही शीतलहर की चपेट में - Frosted in Madhya Pradesh and UP
नई दिल्ली। दक्षिण अंडमान सागर और सुमात्रा तट के पास एक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र है। इसके पूर्व उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। पूर्वी उत्तरप्रदेश और इससे सटे बिहार पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने की उम्मीद है। एक 22 दिसंबर को और दूसरा 24 दिसंबर को।

 
स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। उत्तरी हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में छिटपुट हल्की बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति जारी है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में पाला देखा गया।

 
अगले 24 घंटों के दौरान गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात संभव है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की छिटपुट बारिश संभव है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश संभव है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
 
अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्यभारत में न्यूनतम तापमान बढ़ने की उम्मीद है जिससे भीषण शीतलहर में कमी आएगी। अगले 2 से 3 दिनों में शीतलहर की स्थिति भी फीकी पड़ सकती है।

 
दिल्ली शीतलहर की चपेट में : दिल्ली मंगलवार को भी शीतलहर की चपेट में रही और शहर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है।
 
 अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को हरियाणा, मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा के कुछ स्थानों तथा पंजाब, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों, सौराष्ट्र और कच्छ, विदर्भ तथा तेलंगाना के कुछ स्थानों पर मंगलवार को शीतलहर चली।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट: मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के आसार होने से अगले 2-3भारी ठंड पड़ने की संभावना जताई है। साथ ही अलर्ट किया है कि 25 से 27 दिसंबर तक मौसम बदल सकता है और कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। मंगलवार को उत्तरप्रदेश समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी की चपेट में रहा है। कई राज्यों में शीतलहर से पारा काफी लुढ़क गया है। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के जिलों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

 
मुजफ्फरनगर में 2.2 और लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री : उत्तरप्रदेश में बीते 24 घंटों में 10 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में सबसे ठंडा जिला मुजफ्फरनगर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लखनऊ में इस मौसम का यह अब तक का सबसे कम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी 2 दिन ऐसी स्थिति बनी रहेगी। तापमान में गिरावट होगी।