पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, लातूर में 90 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
Shivraj Patil news in hindi : पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल का शुक्रवार को लातूर में उनके घर पर निधन हो गया। 90 वर्षीय पाटिल लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
शिवराज पाटील का जन्म 12 अक्टूबर 1935 को लातूर जिले के चाकूर में हुआ था। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से विज्ञान की शिक्षा प्राप्त की और मुंबई विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने 1967-69 के बीच लातूर नगरपालिका में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की।
लातूर ग्रामीण सीट से वह 1973 से 1980 तक विधायक रहे। महाराष्ट्र के लातूर से चुनाव जीतकर वे 1980 में पहली बार संसद पहुंचे और इसके बाद 8 बार उन्होंने लोकसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2004 में लोकसभा में हारने के बाद भी वे राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचे।
इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के मंत्रिमंडलों में उन्होंने रक्षा, वाणिज्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, परमाणु ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और अंतरिक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में राज्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई। साल 2008 में मुंबई में आतंकवादी हमले के समय शिवराज पाटिल देश के गृह मंत्री थे। इस हमले के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।
शिवराज लोकसभा स्पीकर, पंजाब के राज्यपाल समेत कई महत्पपूर्ण पदों पर रहे। उन्हें एक मेहनती, सरल स्वभाव वाले और स्वच्छ छवि के नेता के रूप में जाता था। पाटिल के निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
edited by : Nrapendra Gupta