1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Flood alert in Delhi, 18 gates of Hathinikund opened

दिल्‍ली में बाढ़ का अलर्ट, हथिनीकुंड के 18 गेट खोले, चेतावनी निशान के पार यमुना

Flood alert in Delhi
यमुना में जल स्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में दिल्‍ली में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्‍यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो 19 अगस्‍त की देर रात तक दिल्‍ली में पहुंच जाएगा। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हथिनीकुंड बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं।

इधर, दिल्‍ली में पिछले 2 दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 19 अगस्त तक 206 मीटर तक पहुंचने की आशंका है, जो 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर जाएगा। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) द्वारा रविवार को जारी एक एडवाइजरी जारी कर यह बात कही गई है।

यमुना में बढ़ रहा पानी, चेतावनी स्‍तर पार : दिल्‍ली में 2 साल पहले आई बाढ़ की भयावह यादें अभी तक लोगों के जेहन में हैं। तब दिल्‍ली के कई इलाकों में यमुना का पानी घुस गया था। सुप्रीम कोर्ट तक यमुना का पानी पहुंच गया था। उधर, यमुना नदी के किनारे बसे लोगों को भी सुरक्षित स्‍थानों पर शिफ्त किया गया था। इस बार ऐसे हालात न बनें, इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। शाम करीब सात बजे नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार करते हुए पुराने रेलवे पुल पर 204.60 मीटर के निशान पर पहुंच गया। दिल्ली के लिए चेतावनी स्तर 204.50 मीटर है, जबकि खतरे का स्तर 205.33 मीटर है और 206 मीटर पर लोगों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। पुराना रेलवे पुल नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ जोखिमों की निगरानी के लिए एक प्रमुख निरीक्षण बिंदु के रूप में काम करता है।

कब खतरे के निशान से ऊपर होगी यमुना : एडवाइजरी में कहा गया है कि हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की मात्रा और ऊपरी यमुना क्षेत्र में भारी वर्षा को देखते हुए, यह सूचित किया जाता है कि दिल्ली रेलवे पुल पर जल स्तर 19 अगस्त 2025 को देर रात लगभग दो बजे 206.00 मीटर को पार कर सकता है। सीडब्ल्यूसी ने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों से बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।
Edited By: Navin Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
LIVE: राहुल की यात्रा का दूसरा दिन, दिल्‍ली में बाढ़ का अलर्ट, स्कूलों में बम की धमकी