पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, चिटफंड कंपनियों की 3500 करोड़ की 169 अचल संपत्तियों को किया जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के लुधियाना में स्थित 169 अचल संपत्तियों को जब्त कर लिया है, जिनकी वर्तमान कीमत 3436.56 करोड़ रुपए आंकी गई है। मीडिया खबरों के मुताबिक यह कार्रवाई पेक्ल (PACL) और अन्य संबंधित मामलों की जांच के सिलसिले में की गई। मीडिया खबरों के मुताबिक लाखों निवेशकों से जुटाए गए धन का एक हिस्सा इन 169 संपत्तियों के अधिग्रहण में इस्तेमाल किया गया, जो पेक्ल के नाम पर दर्ज हैं।
ईडी के दिल्ली जोनल कार्यालय ने इन संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत सीबीआई द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर अटैच किया। यह एफआईआर आईपीसी की धारा 120-बी और 420 के तहत पेक्ल लिमिटेड, पीजीएफ लिमिटेड, स्वर्गीय निर्मल सिंह भंगू और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी।
ईडी ने अब तक 5,602 करोड़ की संपत्तियां अटैच की हैं, जिसमें लुधियाना के अलावा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और विदेशी बैंक खाते शामिल हैं। स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने कई आरोपियों को दोषी ठहराया है।
मामला पेक्ल द्वारा चलाए गए विशाल धोखाधड़ीपूर्ण सामूहिक निवेश योजनाओं से जुड़ा है, जिसमें कंपनी और उसके सहयोगियों ने निर्दोष निवेशकों से करीब 48,000 करोड़ रुपए की राशि जुटाई और हड़प ली, जो अपराध की आय (पीओसी) का रूप ले चुकी है। अब तक इस मामले में ईडी ने देशभर की चल-अचल संपत्तियों सहित विदेशी संपत्तियों के मूल्य 5,602 करोड़ रुपए जब्त किए हैं। एक अभियोजन शिकायत और दो पूरक शिकायतें दाखिल की जा चुकी हैं। Edited by : Sudhir Sharma