1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi Polices shocking revelations regarding Turkman Gate violence
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 8 जनवरी 2026 (20:30 IST)

Turkman Gate : अफवाह, पत्थरबाजी और साजिश, तुर्कमान गेट हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस के चौंकाने वाले खुलासे

Turkman Gate violence
दिल्ली में तुर्कमान गेट के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के कथित विध्वंस की अफवाहों का खंडन करने के लिए अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई की लेकिन उसे हवा देने में कई व्हाट्सएप ग्रुपों पर प्रसारित भ्रामक दृश्य संदेशों ने तनाव पैदा करने में अहम भूमिका निभाई। दिल्ली के रामलीला मैदान इलाके में इस मस्जिद के पास मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हिंसा भड़क गई थी। कई लोगों ने पथराव किया जिससे इलाके के थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। फैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के लिए MCD की कार्रवाई के दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की एक टीम ने तुर्कमान गेट इलाके से सबूत एकत्रित किए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हालात उस समय बिगड़ गए जब सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि तुर्कमान गेट के सामने स्थित मस्जिद को अतिक्रमण-रोधी अभियान के दौरान ध्वस्त किया जा रहा है, और लोग वहां इकट्ठा होने लगे। उन्होंने दावा किया कि पुलिस और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकने में 150 से 200 लोग शामिल थे। मीडिया खबरों के मुताबिक पुलिस 450 वीडियो फुटेज खंगाल रही है। इनमें सीसीटीवी, ड्रोन, बॉडीकैम और सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो शामिल हैं।
एमसीडी के उपायुक्त विवेक कुमार ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान लगभग 36,000 वर्ग फुट अतिक्रमित जमीन को खाली कराया गया था, जहां एक निदान केंद्र और ‘बैंक्वेट हॉल’ समेत कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
11 आरोपी गिरफ्त में 
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अदालत के आदेश पर चलाए गए अतिक्रमण-रोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा और पत्थरबाजी के सिलसिले में छह और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अफान, आदिल, शाहनवाज, हमजा, अथर और उबेद के रूप में हुई है, ये सभी तुर्कमान गेट इलाके के निवासी हैं।
नकवी ने सावधान रहने की अपील की
दिल्ली के तुर्कमान गेट पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा की पृष्ठभूमि में सत्तारूढ़  भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को कहा कि लोगों को ‘‘सांप्रदायिक षड्यंत्र गिरोह’’ से सावधान रहना चाहिए जो ऐसी घटनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करता है। नकवी ने अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान तुर्कमान गेट के पास सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के कुछ तत्वों के प्रयासों की निंदा की। Edited by: Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
मेरठ में दबंगों ने युवती को अगवा किया, विरोध करने पर मां को चाकू मारा