1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. delhi fire tragedy 21 killed hotel owner lavkesh bajaj arrested in malviya nagar case
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 3 जून 2026 (23:40 IST)

Delhi fire : दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग, 21 लोगों की मौत, होटल मालिक लवकेश बजाज गिरफ्तार

Delhi Malviya Nagar hotel fire
दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित 'फ्लॉरिश स्टे' होटल और 'लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट' की इमारत में लगी भीषण अग्निकांड से 21 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। होटल के मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में लिया गया है। वह हादसे के बाद से ही फरार चल रहा था।  दिल्ली पुलिस ने लवकेश बजाज और अन्य आरोपियों के खिलाफ LoC (लुक आउट सर्कुलर) जारी किया गया था।प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पीटीआई के अनुसार मरने वालों में 11 विदेशी नागरिक हैं। इनमें 9 अफ्रीकी और 2 तुर्कमेनिस्तान के हैं। एजेंसी ने पहले ये आंकड़ा 17 बताया था। रेस्क्यू के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी झुलस गए, जिनका दिल्ली एक्स में इलाज चल रहा है।
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में सुबह करीब 8.30 बजे आग लगी और देखते ही देखते इसने भीषण रूप धारण कर लिया। कई स्थानीय लोगों सहित बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।
 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड पर विदेश मंत्रालय दूतावासों के संपर्क में है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद दिल्ली सरकार और प्रशासन हरकत में आ गए हैं। राजधानी में होटल, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया है।

नहीं थी फायर एनओसी 

दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर में मौजूद इस होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी। आग ऊपरी मंजिलों पर बने कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई। चीफ फायर ऑफिसर अभिलाष मलिक के मुताबिक बिल्डिंग की फायर NOC नहीं थी। होटल में 25 कमरे हैं।
घटना के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने पूरे शहर में एक महीने तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान होटलों, गेस्ट हाउसों और अन्य इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन की जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।  Edited by: Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें