बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Corona virus : second flight from Wuhan landed in Delhi
Written By
Last Modified: रविवार, 2 फ़रवरी 2020 (10:06 IST)

Corona virus : एअर इंडिया ने चीन से 323 भारतीयों को निकाला, अब तक 654 लोगों को भारत लाया गया

Corona virus : एअर इंडिया ने चीन से 323 भारतीयों को निकाला, अब तक 654 लोगों को भारत लाया गया - Corona virus : second flight from Wuhan landed in Delhi
बीजिंग। भारत ने कोरोना वायरस से प्रभावित वुहान शहर से रविवार को 323 भारतीयों और मालदीव के सात नागरिकों को निकाला। एयर इंडिया का एक विमान इन यात्रियों को लेकर आज सुबह नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। इसके साथ ही अब तक वहां से 654 लोगों को भारत लाया जा चुका है।
 
एअर इंडिया ने अब तक नई दिल्ली से वुहान के लिए दो बार उड़ान भरी है। चीन में कोरोना वायरस से अब तक 304 लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमण के 14,380 मामले सामने आ चुके हैं।
 
चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने ट्वीट किया, 'एअर इंडिया की दूसरी उड़ान वुहान से 323 भारतीय और मालदीव के सात नागरिकों के साथ रवाना हुआ। चीन के विदेश मंत्रालय और हुबेई के स्थानीय अधिकारियों का एक बार फिर आभार।'

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'मैं बीजिंग में भारतीय दूतावास, हुबेई प्रांत के स्थानीय अधिकारियों और यात्रियों का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने लगातार करीब 96 घंटे तक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पेचीदा एयरलिफ्ट (लोगों को बाहर निकालने के कार्य) हमारे लिए किया।'
 
मिस्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'हमारे दो अधिकारियों दीपक पद्मकुमार और एम बालाकृष्णन जो यात्रियों के साथ विमान में हैं, उनकी खास तौर पर तारीफ। उन्होंने कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित वुहान के ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर हवाई अड्डे से जुड़े प्रंबंधन की देखरेख में अनुकरणीय साहस और लोगों की सेवा का बड़ा जज्बा दिखाया है। आप दोनों को सलाम।'
 
अधिकारियों ने बताया कि छह भारतीय पहले विमान में सवार नहीं हो सके थे क्योंकि उन्हें चीनी आव्रजन अधिकारियों ने तेज बुखार की वजह से रोक दिया था। इन्हें अलग करके रखा जाएगा और इसकी जांच की जाएगी कि इनमें कोरोना वायरस के लक्षण हैं या नहीं।
 
ये भी पढ़ें
चीन के बाहर Corona Virus से पहली मौत फिलीपीन में