PM मोदी से मिले मुख्यमंत्री विजय, मेकेदातु बांध और तमिल थाई वाझ्थु मुद्दे पर उठाई आवाज
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। टीवीके प्रमुख के तौर पर पद संभालने के बाद राष्ट्रीय राजधानी का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा था। मीडिया की खबरों के मुताबिक महीने की शुरुआत में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पहली बार नई दिल्ली पहुंचकर कई अहम मुद्दों पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु बांध परियोजना के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाने का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह कदम कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अंतिम फैसले और भारत के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के विपरीत है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में तमिल थाई वाझ्थु(राज्य स्तुति गीत) गाने की स्पष्ट अनुमति देने के लिए निर्देश जारी किए जाएं। बैठक के दौरान विजय ने तमिलनाडु के मछुआरों और उनकी नौकाओं की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए भी केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नीदरलैंड यात्रा के दौरान अनैमंगलम तांबे की पट्टिकाओं को भारत वापस लाने के लिए धन्यवाद दिया।” बयान में आगे कहा गया कि तमिलनाडु में सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत पारंपरिक रूप से तमिल थाई वाझ्थु से होती रही है। हालांकि इस वर्ष जनवरी में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक परिपत्र के बाद कुछ सरकारी आयोजनों में पहले राष्ट्रगान गाया जाने लगा है। Edited by : Sudhir Sharma
