मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Chaos erupts again at Khatu Shyam; devotees assaulted over parking dispute
Last Updated : शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 (13:02 IST)

खाटू श्‍याम में फिर बवाल, पार्किंग विवाद में श्रद्धालुओं से मारपीट, महिला को भी पीटा, वीडियो हुआ वायरल

Khatu Shyam
Photo : Socail media 
राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों में एक खाटू श्याम मंदिर में एक बार फिर से श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस बार पार्किंग के विवाद को लेकर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। हालांकि पुलिस ने सख्‍ती से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है।

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब खाटू श्‍याम में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई हो, इसके पहले कई बार श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी और विवाद किए गए हैं। इसके पहले सांवलिया सेठ मंदिर में भी श्रद्धालु से मारपीट का मामला सामने आया था। धार्मिक स्‍थलों पर इस तरह आए दिन मारपीट ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल : दरअसल, सीकर स्थित खाटूश्यामजी मंदिर से जुड़ा एक और शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर इसकी जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खाटू धाम में प्रवासी श्याम भक्तों के साथ पार्किंग विवाद को लेकर मारपीट हुई। पुलिस ने पार्किंग संचालक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

महिला श्रद्धालु के साथ भी मारपीट : सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि खाटूश्यामजी में आए एक पुरुष और महिला श्रद्धालु के साथ पार्किंग स्थल पर मारपीट की जा रही है। वीडियो पर लिखा था। श्याम भक्तों के साथ पार्किंग वालों की दादागिरी! मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक इधर, वीडियो सामने आते ही श्रद्धालुओं में भारी रोष फैल गया। लोगों ने इसे बाबा श्याम की गरिमा और आस्था पर चोट बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।

पार्किंग पर्ची को लेकर विवाद : हालांकि यह घटना 20 दिसंबर की बताई जा रही हैं। खाटूश्यामजी के रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित प्राइवेट पार्किंग में पार्किंग पर्ची नहीं कटवाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी बात पर पार्किंग संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एचएम राहुल चौधरी मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे और पार्किंग संचालक को समझाइश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।
Edited By: Navin Rangiyal