शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP on Operation boat
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 4 जनवरी 2015 (16:32 IST)

भाजपा बोली, ऑपरेशन बोट पर मत उठाओ सवाल...

भाजपा बोली, ऑपरेशन बोट पर मत उठाओ सवाल... - BJP on Operation boat
नई दिल्ली। पाकिस्तानी नौका मुद्दे पर कोई सबूत नहीं होने की बात कहने और सरकार से इस बारे में सफाई मांगे जाने के कांग्रेस के रुख की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल राजनीति के नए न्यूनतम स्तर पर गिरकर जाने-अनजाने पाकिस्तान की मदद कर रहा है।
 
कांग्रेस पर आतंकवाद पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने कहा कि क्या यह कोई तरीका है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संदेह जताया जाए? क्या घटना का विस्तृत ब्योरा मांगने के लिए कोई और परिपक्व तरीका नहीं हो सकता था? उन्हें क्या भारतीय खुफिया एजेंसियों, भारतीय तटरक्षकों और भारत सरकार पर भरोसा नहीं है?
 
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्र ने यहां कहा कि भारतीय राजनीति एक नई गिरावट को छूने लगी है और इसके लिए और कोई नहीं बल्कि कांग्रेस जिम्मेदार है। जहां तक राजनीति का सवाल है, कांग्रेस सबसे निम्न स्तर पर आ गई है।
 
इस संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार के उस बयान का हवाला दिया जिसमें सरकार से कहा गया है कि पाकिस्तानी नौका मामले में सचाई बताइए, बताइए कि इस घटना के पीछे कौन आतंकी संगठन है। कोई सबूत नहीं हैं... फिर आप यह दावा कैसे कर सकते हैं कि आतंकी हमले को नाकाम कर दिया गया?
 
कुमार के इस बयान की निंदा करते हुए पात्र ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रवक्ता और पाकिस्तान के प्रवक्ता की वाणी में कोई फर्क नहीं रह गया है। (भाषा)