शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP leaders' statement about Shaheen Bagh
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 24 जनवरी 2020 (10:34 IST)

कपिल मिश्रा बोले, 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला

कपिल मिश्रा बोले, 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला - BJP leaders' statement about Shaheen Bagh
नई दिल्ली। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग में जारी प्रदर्शन स्थल को विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने 'मिनी पाकिस्तान' करार दिया। उन्होंने कहा कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों परविधानसभा चुनाव में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होगा। 

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले मिश्र ने कहा कि 8 फरवरी को होने वाला विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सड़कों पर हिन्दुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग और अन्य स्थानों पर संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर बरसते हुए दिल्ली भाजपा के नेता कपिल मिश्र ने एक के बाद एक ट्वीट कर गुरुवार को अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले जैसा करार दिया है।
 
अरविंद केजरीवाल सरकार में मंत्री रह चुके कपिल मिश्र दिल्ली के मॉडल टाउन से भाजपा उम्मीदवार हैं। एक के बाद एक ट्वीट करते हुए कपिल मिश्र ने दावा किया कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिन्दुस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होगा।
 
उन्होने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की एंट्री शाहीन बाग में हो चुकी हैं और दिल्ली में छोटे-छोटे पाकिस्तान बनाए जा रहे हैं। भाजपा नेता ने ट्वीट में आरोप लगाया कि शाहीन बाग, चांद बाग, इंद्रलोक में देश का कानून नहीं माना जा रहा है और पाकिस्तानी दंगाइयों का दिल्ली की सड़कों पर कब्जा है।
 
भाजपा उम्मीदवार ने एक अन्य ट्वीट में दावा किया कि 8 फरवरी के चुनाव में भाजपा दिल्ली में जीत रही हैडंके की चोट पर और 11 फरवरी 2020 सुबह 11 बजे तक घुंघरू सेठ (दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल) का इस्तीफा हो जाएगा।
 
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के लिए कांग्रेस और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। 

राज्यसभा सदस्य विजय गोयल और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इसी पृष्ठभूमि पर बातचीत की। संशोधित नागरिकता कानून एवं राष्ट्रीय नागरिक पंजी के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहीन बाग, जामिया मिलिया इस्लामिया एवं अन्य स्थानों पर 15 दिसंबर से ही बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
राष्ट्रीय राजधानी के पालम इलाके में रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ कुछ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस के एक भी नेता ने इसकी निंदा नहीं की और यही उनका चरित्र है।
 
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि पहले उनके लिए वोट आता है और देश बाद में। हमारे लिए वोट का नहीं, देश का महत्व है। गौरतलब है कि सिसोदिया ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा था कि वे शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े हैं।
मिश्र की टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पूछा कि क्या उन्होंने (मिश्र) बीसीसीआई ज्वॉइन कर लिया है, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। बाद में संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सम्बित पात्रा ने शाहीन बाग में जारी विरोध प्रदर्शन पर सत्तारूढ़ दल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अराजक तत्व अराजकतावादियों के साथ खड़े हैं।