बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. billionaires
Written By
Last Updated : बुधवार, 4 फ़रवरी 2015 (18:23 IST)

अरबपतियों की सूची में भारत शीर्ष तीन देशों में

अरबपतियों की सूची में भारत शीर्ष तीन देशों में - billionaires
कोच्चि। भारत अरबपतियों की संख्या के लिहाज से पहली बार शीर्ष तीन देशों में जगह बनाने में कामयाब हुआ है। हुरन की भारत संबंधी धनी व्यक्तियों की सूची रिच लिस्ट-इंडिया, 2015 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी शीर्ष पर हैं।
भारत संबंधी सूची के न्यूनतम 6000 करोड़ रुपए की सम्पति वाले अमीर शामिल किए गए हैं। इस सूची में मुकेश अंबानी 1.2 लाख करोड़ रुपए की संपदा के साथ पहले स्थान पर हैं। उनके बाद सूची में सनफार्मा के दिलीप सांघवी का स्थान आता है। उनकी संपत्ति 1.02 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है।
 
पल्लोनजी मिस्त्री व उनका परिवार तथा टाटा संस सूची में 96,000 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
 
यह पहला मौका है जबकि भारत इस सूची में शीर्ष तीन देशों में जगह बनाने में कामयाब हुआ है। अमेरिका इस सूची में पहले स्थान पर है। चीन दूसरे व भारत तीसरे स्थान पर है। 
 
यह सूची हुरन ग्लोबल रिच लिस्ट के भारत के मुख्यालय कोच्चि में तैयार की गई है। भारत ने इस सूची में रूस व ब्रिटेन को पीछे छोड़ा है। दुनिया में कुल 2,089 अरबपतियों में से 97 भारत में हैं।
 
विप्रो के अजीम प्रेमजी (84,000 करोड़ रुपए), एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शिव नडार (66,000 करोड़ रुपए), आदित्य बिड़ला के कुमार बिड़ला (60,000 करोड़ रुपए) और सुनील मित्तल एवं परिवार (60,000 करोड़ रुपए) भारतीय सूची में पहले दस स्थानों पर हैं। (भाषा)