गुजरात ATS का बड़ा एक्शन, गुजरात से जैश के 5 और आतंकी गिरफ्तार, ग्रामीण इलाकों में ट्रायल ब्लास्ट कर 'टाइम बम' बनाने की थी साजिश
गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने उत्तरी गुजरात के सिद्धपुर और उसके आसपास के इलाकों में एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 5 और संदिग्ध आतंकवादियों को दबोच लिया है। गौरतलब है कि इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों की चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक, पकड़े गए ये सभी संदिग्ध देश के विभिन्न संवेदनशील हिस्सों में बड़े पैमाने पर सिलसिलेवार बम धमाके करने की भयानक साजिश रच रहे थे।
मास्टरमाइंड ने जुटाया बारूद, ग्रामीण इलाकों में किए ट्रायल ब्लास्ट
इस आतंकी मॉड्यूल से हुई शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरी साजिश के मुख्य सूत्रधार मोहम्मद अय्यूब और अमीन शेरा हैं। इन दोनों मास्टरमाइंड पर धमाकों को अंजाम देने के लिए विशेष प्रकार के केमिकल्स, गन पाउडर (बारूद) और अन्य खतरनाक सामग्रियां अवैध रूप से इकट्ठा करने का गंभीर आरोप है। अपनी विस्फोटक क्षमताओं और नेटवर्क की ताकत को परखने के लिए इन आतंकवादियों ने गुजरात के अंदरूनी ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग जगहों पर 7 से 8 छोटे ट्रायल ब्लास्ट भी किए थे।
Gujarat ATS have arrested five more accused associated with the terror organisation Jaish-e-Mohammed from various districts of the state
— ANI (@ANI) July 17, 2026
The arrested accused are - Bilal Abid Shera, Mohammed Aiyub Kadiwal aka Mohammed Khadiyasan, Mohammed Shafi Mukhi aka Shafi Chapi, Mohammed… pic.twitter.com/BypxsLm2TD
सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचने के लिए गांवों को बनाया महफूज ठिकाना
पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नजर से बचने के लिए इन आतंकियों ने एक अनोखा मिलिट्री पैटर्न अपनाया था, जिसके तहत वे शहरों को छोड़कर सुदूर गांवों में पनाह ले रहे थे। उनका मानना था कि सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी और चौकसी सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित रहती है, जिससे ग्रामीण इलाकों में रहकर आतंकी गतिविधियों को चलाना और संगठन को मजबूत करना कहीं ज्यादा आसान होगा। हालांकि, एजेंसियों को चकमा देने की उनकी यह चाल पूरी तरह नाकाम साबित हुई।
गुजरात ATS की गुप्त निगरानी और संयुक्त ऑपरेशन से प्लान फेल
आतंकी भले ही गांवों में छिपे हुए थे, लेकिन गुजरात ATS की टीम काफी समय से बेहद गुपचुप तरीके से इस पूरे मॉड्यूल की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही थी। जैसे ही एजेंसी को इन आतंकियों के खिलाफ मजबूत और पर्याप्त सबूत मिले, उन्होंने बिना किसी देरी के एक साथ छापेमारी कर इन पांचों आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल देशभर में फैले उनके अन्य नेटवर्क और स्थानीय मददगारों का पता लगाने के लिए सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
कोर्ट में सरकारी वकील का खुलासा : 'टाइम बम' बनाने की फिराक में थे आरोपी
पब्लिक प्रोस्यूटर पीआर दंतानी ने कोर्ट के सामने रिमांड की मांग करते हुए एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक ने 'टाइम बम' बनाने का सक्रिय प्रयास किया था। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी बम बनाने की कुछ और सामग्री और उर्दू में लिखा जिहादी साहित्य अभी बरामद किया जाना बाकी है, जिसके लिए पूछताछ बेहद जरूरी है।
इससे पहले 3 जुलाई को भी गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से इस संगठन के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था, जो राज्य में अपना स्लीपर सेल खड़ा करने की कोशिश में थे।

