महाराज जी! चंदा चोर आपके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं...
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी से मांगा साथ
Arvind Kejriwal Ayodhya: अयोध्या का 'राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद' अब देश की राजनीति का सबसे बड़ा अखाड़ा बन चुका है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने जब अयोध्या पहुंचकर रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई, तो लखनऊ से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जहां केजरीवाल को 'दिल्ली को बर्बाद करने वाला' बताकर पश्चाताप करने की नसीहत दी, वहीं केजरीवाल ने योगी आदित्यनाथ को 'महाराज जी' कह कर संबोधित किया और दावा किया कि जो चंदा चोर हैं, वे खुद सीएम योगी की कुर्सी छीनने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
योगी ने साधा केजरीवाल पर निशाना
दरअसल, केजरीवाल के अयोध्या दौरे के बीच एक कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने उन पर सीधा हमला बोला था। योगी ने बिना नाम लिए कहा कि दिल्ली से भी एक सज्जन आज अयोध्या आए हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 साल दिए, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार और बर्बादी के सिवा दिल्ली को कुछ नहीं दिया। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि जैसे डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या को सजाया है, इस मॉडल को देखें और अपने कारनामों पर पश्चाताप करें। अगर ऐसा ही न्याय दिल्ली के साथ किया होता, तो दिल्ली भी अयोध्या की तरह चमक रही होती। ALSO READ: राम मंदिर चढ़ावा विवाद, चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा, क्या है इन दोनों का इतिहास
एक्स पर क्या लिखा केजरीवाल ने?
केजरीवाल ने लिखा ने एक्स पर लिखा- महाराज जी! आप चंदा चोरों का क्यो साथ दे रहे हो? ये चंदा चोर आपको भी हटाने का षड्यंत्र कर रहे हैं। आपकी कुर्सी भी नहीं छोड़ेंगे। भगवान राम के घर हुई महाडकैती के राक्षसों को सरे आम फांसी दिलवाने के मेरे संघर्ष में आप मेरा साथ दीजिए।
केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि जो एफआईआर और गिरफ्तारियां हुई हैं, वे महज एक 'धोखा' हैं। सिर्फ छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है, जबकि इस महाघोटाले के पीछे बैठे 'बड़े मगरमच्छों' और रसूखदारों को साफ बचाया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने रामलला से प्रार्थना की है कि भगवान के घर डकैती डालने वाले असली दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। इससे पहले केजरीवाल ने सांसद संजय सिंह के साथ हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
