धर्मेंद्र प्रधान पर पोस्ट से BJP में बवाल! अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता राहर घिरीं, पार्टी नेताओं ने जताई नाराजगी
ओडिशा से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी भी बेटी अर्चिता सचिन राहर के जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी प्रोटेस्ट और सोनम वांगचुक के अनशन का समर्थन करने पर घिर गई है। अर्चिता ने भी सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान को आड़े हाथों लिया था। इस पोस्ट को लेकर ओडिशा के भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। ALSO READ: 'बेटी के बयान से दुखी हूं, लेकिन पिता को दोष नहीं दे सकते'— केशव महंता के बचाव में बोले हिमंत बिस्वा सरमा
अर्चिता ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर जश्न मनाते हुए पोस्ट किया। उसने यह भी लिखा कि उसके ऊपर पोस्ट डिलीट करने का बहुत दबाव है लेकिन वह ऐसा नहीं करेगी। हालांकि अब अर्चिता का अकाउंट डीएक्टिवेट हो गया है।
अर्चिता ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक पोस्ट में राष्ट्रीय ध्वज की पृष्ठभूमि में धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर पोस्ट की। उसने लिखा कि नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर छात्रों के व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। दूसरी ओर, उनकी मां अपराजिता सारंगी समेत राज्य के भाजपा नेताओं ने प्रधान के प्रति सहानुभूति व्यक्त की।
अर्चिता ने कहा- नहीं हटाएंगी पोस्ट
सूत्रों ने बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यालय से फोन आने के बाद सांसद ने अपनी बेटी से यह पोस्ट हटाने को कहा था, लेकिन पोस्ट नहीं हटाई गई। अर्चिता ने बाद में एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'और डीपी (धर्मेंद्र प्रधान) के पीए (निजी सचिव) के लिए, जो निश्चित रूप से मेरी मां को संदेश भेजकर मुझसे पिछली स्टोरी हटाने के लिए कहेंगे (ऐसा पहले भी हो चुका है), परेशान मत होइए। मैं इसे नहीं हटाऊंगी। जय जगन्नाथ। जय हिंद।' ALSO READ: 'शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार'— सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
बेटी के बाद अपराजिता सारंगी का पोस्ट
बेटी के अपने रुख पर अडिग रहने के बाद अपराजिता सारंगी ने एक्स पर लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान ने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया। नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देना बहुत साहस की बात है। इस कठिन समय में मैं उनके साथ हूं। आने वाले दिनों के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ उन पर अपनी कृपा बनाए रखें।
Sri @dpradhanbjp ji has tendered his resignation today.
— Aparajita Sarangi, MP,( Lok Sabha) Bhubaneswar (@AprajitaSarangi) July 25, 2026
Resigning after owning moral responsibility calls for a lot of courage.
I stand by him in this very difficult time.
I wish for him the best for the days to come.
May Lord Jagannath shower HIS Blessings upon him.
भाजपा में क्यों है नाराजगी?
भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान इस मिट्टी के सपूत हैं। उनके इस्तीफे से हमें गहरा दुख पहुंचा है। ओडिशा के लोगों ने बिहार की बेटी (अपराजिता सारंगी) का स्वागत किया और उन्हें दो बार सांसद बनाया। अपराजिता सारंगी को अपने परिवार के सदस्यों को कंट्रोल में रखना चाहिए। उनकी बेटी द्वारा धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए उन्हें ओडिशा के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। एक शिक्षित व्यक्ति होने के नाते सांसद की बेटी को धर्मेंद्र प्रधान जैसे नेता के खिलाफ इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए, जिन्होंने ओडिशा और देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा एक परिवार है और जब कोई सदस्य मुश्किल में होता है तो सभी को उसके साथ खड़ा होना चाहिए। सारंगी की बेटी का पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के खिलाफ इस तरह का रुख अनुशासित पार्टी भाजपा में स्वीकार्य नहीं है।

