'मुझसे 6 जून को एयरपोर्ट पर मिलें' : अमेरिका से लौट रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक ने किया दिल्ली घेरने का ऐलान!
Abhijeet Dipke Cockroach Janata Party: NEET और CBSE विवाद के बीच सोशल मीडिया पर सनसनी मचाने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब सड़कों पर उतरने की तैयारी में है। अमेरिका में पढ़ाई कर रहे इसके संस्थापक अभिजीत दिपके ने एक ऐसा वीडियो जारी किया है, जिसने दिल्ली से लेकर सोशल मीडिया तक खलबली मचा दी है।
अमेरिका से सीधा दिल्ली : क्या है पूरा प्लान?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर अपने तीखे और व्यंग्यात्मक (Satirical) अंदाज के लिए मशहूर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके भारत लौट रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह 6 जून को सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। अभिजीत ने अपने समर्थकों और छात्रों से अपील करते हुए कहा कि मैंने फैसला किया है कि मैं 6 जून की सुबह दिल्ली आऊंगा। आप सभी मुझसे एयरपोर्ट पर मिलें। हम सब मिलकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे।
ALSO READ: कॉकरोच जनता पार्टी को हाईकोर्ट का झटका, जल्द बहाल नहीं होगा एक्स अकाउंट
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
इस पूरे आंदोलन की मुख्य वजह हालिया NEET और CBSE विवाद है। दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर वीडियो जारी कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पेपर लीक और धांधली की वजह से देश के लाखों छात्रों की कड़ी मेहनत बर्बाद हुई है और कई बच्चों ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया है। अब इसके खिलाफ सोशल मीडिया से निकलकर जमीन पर आवाज उठाने का वक्त आ गया है।
ALSO READ: कॉकरोच से नहीं, NEET से लेकर CBSE तक के सिस्टम को खोखला कर चुके घुन से डरो
'हम कब तक डर के साए में जिएंगे?'
अभिजीत दिपके ने वीडियो में अपनी गिरफ्तारी की आशंका और परिवार के डर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा:
-
देश सबका है : "यह देश किसी एक पार्टी का नहीं है, हम सबका है। यह हमारे भविष्य का सवाल है।"
-
संवैधानिक अधिकार : "मैं गांधी, अंबेडकर, भगत सिंह और नेहरू का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मुझे उम्मीद है कि हमारा देश एक लोकतंत्र है और हमें शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार मिलेगा।"
-
जिम्मेदारी हमारी है : "अगर आज हम कुछ नहीं करेंगे, तो कौन करेगा? हम कब तक किसी और के आने और हमें बचाने का इंतज़ार करेंगे?"
क्या है 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP)?
इस संगठन की शुरुआत के बाद से अभिजीत दिपके की यह पहली भारत यात्रा होगी। अब देखना यह है कि 6 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सीजेपी समर्थकों का क्या रुख रहता है। क्या अभिजीत को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत मिलेगी या दिल्ली पुलिस उन्हें एयरपोर्ट पर ही रोक देगी? इस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें