गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. राज्यसभा : कृषि कानून को लेकर हंगामा करने पर आप के 3 सदस्य दिनभर के लिए निलंबित
Written By
Last Updated : बुधवार, 3 फ़रवरी 2021 (10:46 IST)

कृषि कानून पर राज्यसभा में हंगामा, 3 आप सांसद निलंबित

Sanjay Singh | राज्यसभा : कृषि कानून को लेकर हंगामा करने पर आप के 3 सदस्य दिनभर के लिए निलंबित
नई दिल्ली। राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के 3 सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिनभर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया।
 
सुबह उच्च सदन में शून्यकाल समाप्त होने पर संजय सिंह ने आंदोलन कर रहे किसानों से जुड़ा मुद्दा उठाने का प्रयास किया। लेकिन सभापति एम. वेंकैया नायडू ने उन्हें अनुमति नहीं दी और कहा कि सदस्य राष्ट्रपति अभिभाषण पर होने वाली चर्चा में अपनी बात रख सकते हैं। लेकिन इसके बाद भी आप सदस्यों ने नए कृषि कानूनों का विरोध जारी रखा और नारेबाजी शुरू कर दी।
सभापति नायडू ने पहले उन्हें चेतावनी दी और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलने देने को कहा। उन्होंने कहा कि 3 सदस्य सदन की कार्यवाही को बाधित नहीं कर सकते। बहरहाल, आप सदस्यों का हंगामा जारी रहा और सभापति ने उन्हें नियम 255 के तहत दिनभर के लिए निलंबित कर दिया और तीनों सदस्यों को सदन से बाहर जाने को कहा, पर निलंबित सदस्यों ने आसन के निर्देश को स्वीकार नहीं किया और सदन में ही बने रहे।
 
इस पर सभापति ने 9 बजकर करीब 35 मिनट पर बैठक 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी।  बैठक फिर शुरू होने पर सभापति नायडू ने तीनों सदस्यों को बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मार्शल को बुला लिया। मार्शल की मदद से आप के तीनों सदस्यों को सदन से बाहर कर दिया गया। (भाषा)