• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 17 जुलाई 2014 (19:46 IST)

विदेशी जेलों में बंद हैं 6 हजार भारतीय

सरकार
FILE
नई दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को बताया कि 5,986 भारतीय नागरिक विदेशी जेलों में बंद हैं जिनमें 71 लोगों ने अपनी सजा की अवधि पूरी कर ली है और निर्वासन औपचारिकताओं को पूरा किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

विदेश राज्य मंत्री जनरल (अवकाशप्राप्त) वीके सिंह ने अविनाश राय खन्ना के एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सउदी अरब में 1400 भारतीय बंद हैं जबकि संयुक्त अरब अमीरात में 985 और ब्रिटेन में 430 भारतीय बंद हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय उच्चायोग इस्लामाबाद से मिली सूचना के अनुसार पाकिस्तानी जेलों में 219 असैनिक बंदी हैं जिनके बारे में माना गया है कि वे भारतीय हैं।

हालांकि पाकिस्तानी प्राधिकारियों द्वारा इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग को मिली सूचना के अनुसार एक जुलाई 2014 तक की स्थिति के अनुसार पाकिस्तानी जेलों में 47 असैनिक बंदी थे जिनके बारे में माना गया है कि वे भारतीय हैं।

सिंह ने कहा कि मिशन के पास उपलब्ध सूचना के अनुसार असैनिक बंदियों के अलावा 249 मछुआरे ऐसे हैं जिनके बारे में माना गया है कि वे भारतीय हैं। (भाषा)