बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. मेरा ब्लॉग
  4. women Article
Written By

चूल्हा, चौका तक सीमित नहीं महिलाएं

चूल्हा, चौका तक सीमित नहीं महिलाएं - women Article
रवि श्रीवास्तव
देश में पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर आजकल महिलाएं बड़ी कुशलता से काम कर रही हैं। घर परिवार को चलाने में बखूबी अपना हाथ बटाती हैं। बदलते दौर में महिलाएं पिछड़े जमाने की तरह घर में रहकर चूल्हे-चौके तक सीमित नहीं रहना चाहती। पति के जिम्मेदारियों को कम करने के लिए उनका हाथ बंटाना चाहती हैं। जिसके लिए वो घर से बाहर नौकरी करती हैं, कभी-कभी यही नौकरी पति-पत्नी के रिश्ते और परिवार पर भारी पड़ने लगती है। देश में अभी बहुत जगहों पर संयुक्त परिवार की प्रथा बरकरार है।


 
अब जब परिवार बड़ा है, तो कामकाज का बोझ भी ज्यादा होगा। ऐसे में एक कामकाजी महिला को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समाज में लोग जब अपने लड़के की शादी करके बहु लेकर आते हैं, तो एक पुराने जमाने की तरह सारा बोझ उसी के कंधों पर रख देते हैं। घर की सारी जिम्मेदारी का बोझ उठाते हुए पराए घर से आई हुई लड़की को इससे कोई परहेज नहीं होता बल्कि वह बड़ी खुशी से इसे स्वीकार करती है।
 
अगर लड़की शादी से पहले नौकरीपेशा है, तो शादी तय करते समय बहुत से परिवार एक शर्त रख देते हैं। वह शर्त होती है-  शादी के बाद नौकरी नहीं करने की। एक लड़की शादी से पहले पैसे कमाने का जुनून रखे हुए है, जिसे लेकर उसने अपने परिवार के लिए सपने सजाए होते हैं। और कुछ ही पलों में उसके अरमान कुचल दिए जाते हैं। किसी कामकाजी पत्नी को हमारे देश बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। भले वो पति और परिवार के प्रति समर्पित हो, लेकिन उसकी इस सोच को बहुत कम लोग समझते हैं।
 
कामकाजी पत्नी को लेकर यूपी के एक परिवार के बारे में बताना चाहूंगा। पूरे परिवार की जिम्मेदारी के साथ आगंनबाड़ी केंद्र में काम करती है। कहने को तो बहुत आसान है लेकिन करके दिखाना मुश्किल भरा कदम होता है। जिस समय लोगों को चैन की नींद आती है उस समय वह अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाती है। सुबह उठकर घर का सारा काम करना, परिवार के लिए नाश्ता तैयार करना, खाना बनाना, पति को नौकरी पर जाने से पहले लंच पैक करके देना,  इन सब काम को करने के बाद फिर अपने ऑफिस जाना। ये कार्य तो सिर्फ सुबह के होते हैं। शाम को घर आकर फिर से वही कामचर्या शुरू हो जाती है। ऊपर से परिवार के लोगों की अलग से फरमाइश सुनना। 
 
एक उदाहरण देना चाहता हूं, किसी परिवार में पुरुष जब ऑफिस से घर वापस आता है तो उसे तुरंत पानी पीने के लिए दिया जाता है, उसे काफी थका हुआ समझा जाता है। लेकिन उसी परिवार की वही महिला ऑफिस से आती है उसे अपना सारा कार्य खुद करना पड़ता है। वह महिला भी आफिस से कार्य करके आई है। अपनी कमाई को परिवार पर बड़ी खुशी से न्यौछावर करती है। एक कामकाजी पत्नी के लिए जो आसान नहीं होता।
 
अपने पैरों पर खड़ा होना -  बदलते दौर में महिलाएं अपने आप के काफी आगे लेकर चली आई हैं। आजकल पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं हर क्षेत्र में अपना वर्चस्व बनाए हुए है। समाज के हालात को देखते हुए हर महिला की यही सोच होती है कि वो अपने पैरों पर खड़ी हो। उनको किसी के सहारे के लिए मजबूर न होना पड़े। ये सोच एक अच्छे परिवार और समाज का निर्माण करती है। पुराने ख्यालात के लोगों के लिए ये बात कुछ ज्यादा हजम नहीं होती कि उनके घर की कोई महिला नौकरी करे। उनका मानना होता है कि औरतों का जन्म सिर्फ अपने पति, घर परिवार तक ही सीमित है। पति बाहर जाकर काम करे, पूरे परिवार का खर्च उठाए, पत्नी घर की पूरी जिम्मेदारी निभाएं, लेकिन 21वीं सदी की महिलाओं ने इस सोच को बदलने पर मजबूर कर दिया है। अपने पैरों पर खड़ा होकर महिलाओं ने ये साबित कर दिया कि वे अपनी जरुरत के साथ परिवार का भी पूरा ख्याल रखने में सक्षम होती है।
 
पति के जिम्मेदारी में भागीदारी -  अगर कोई महिला नौकरीपेशा है तो पति व परिवार के लिए यह काफी खुशी की बात होती है। पति के साथ हर कदम अर्धांगिनी बनकर खड़ी उसकी पत्नी बखूबी समझती है कि उसके पति के ऊपर परिवार की काफी जिम्मेदारी है। इस जिम्मेदारी का बोझ हल्का करने के लिए पत्नी अपनी पूरी भागीदारी पति और परिवार के बीच निभाती है। आजकल सरकारी नौकरी पाना एक सपनों जैसा है। ऐसे में लोग प्राईवेट जॉब पर ज्यादा निर्भर है। इस नौकरी में कब किसको निकाल दिया जाए कोई भरोसा नहीं होता। अगर किसी की नौकरी चली जाती है तो उस परिवार की आर्थिक स्थिति चरमरा-सी जाती है। लेकिन अगर पति-पत्नी दोनों नौकरी करते हैं, तब एक कि नौकरी जाने से कुछ दिनों तक या जब तक उसे नौकरी नहीं मिलती घर का खर्च चल सकता है। दिन-प्रतिदिन बढ़ रही कमर तोड़ महंगाई में परिवार के एक सदस्य की कमाई से जीवनयापन करना काफी मुश्किल भरा काम होता है। ऐसे हालात में अगर पत्नी भी नौकरी कर रही होती है तो घर का खर्च चलाना आसान हो जाता है।

कामकाजी महिलाओ का रखें ख्याल - देश में पुरूषों की अपेक्षा कामकाजी महिलाओं का ख्याल कम रखा जाता है। हालांकि महिलाएं अपना ख्याल खुद रख सकती है, लेकिन पति के साथ-साथ परिवार की एक जिम्मेदारी बनती है कि नौकरी कर रही महिला का भी उतना ही ख्याल रखा जाए जितना कि नौकरीपेशा पुरूष का। इससे मतभेद की स्थिति उत्पन्न नहीं होती और परिवार की गाड़ी लगातार चलती रहती है।



 
जागरूकता - घरों में चूल्हे-चौके तक सीमित महिलाओं की अपेक्षा बाहर निकलकर काम कर रही महिलाएं अधिक जागरूक होती हैं। बात चाहे घर-परिवार की हो या फिर ऑफिस की। अगर कोई महिला जागरूक है तो दूसरों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सकती है, जो एक सभ्य समाज के निर्माण में सहायक है। एक कामकाजी महिला अपने आस-पास के वातावरण को अच्छे से समझती है। साथ ही परिवार और रिश्तों को निभाने की अहम भूमिका भी निभाती है।
 
घूंघट - देश में घूंघट की प्रथा आज भी बरकरार है। वक्त बदल गया दौर बदल गया, लेकिन घूंघट का दौर आज भी है। ऐसे में एक कामकाजी महिला के लिए थोड़ी सी परेशानी होती है। शहरों में तो चलो कोई देखने नहीं आता लेकिन खासकर गांव में रहने वाली कामकाजी पत्नियों के लिए ये आज भी सम्सया का विषय है। अब इस सोच को बदलने की जरूरत है। उस महिला का पल्लू जरा सा सर से नीचे हुआ कि समाज में बैठे इसके ठेकेदारों की उंगली उठने लगती है, जो कि एक आग की तरह फैलकर उसके घर तक पहुचंती है। इसे लेकर किसी-किसी परिवार में पति-पत्नी के बीच लड़ाई झगड़े तक हो जाते हैं। समाज में रहने वालों को ये सोच बदलनी होगी। जब महिला घर के बाहर जाकर नौकरी करती है तो वो अपने ऑफिस का काम देखें या फिर घूंघट को सही करती रहें।
 
नागालैंण्ड की हेरेना गैंगमई जो दिल्ली में टेलर एण्ड फ्रांसेंज कंपनी में एडिटोरियल रिसर्चर हैं, इनका मानना है कि 21 शताब्दी की महिलाएं अपनी नौकरी के साथ-साथ घर के काम और परिवार की देखभाल अच्छे से कर सकती हैं। वो अपने घर की चारदीवारों तक ही सीमीति नही हैं। संसार में काम को लेकर महिलाओं का काफी योगदान है। 




 
पटना की रहने वाली पूजा कुमारी टेलर एण्ड फ्रांसेंज कंपनी में एडिटोरियल रिसर्चर है, इनका कहना है कि महिलाएं नौकरी शौक के लिए नहीं करती हैं। आजकल समाज को देखते हुए आवश्यकता भी है। क्योंकि बहुत सारे लोग जब लड़की की शादी के लिए जाते हैं तो लड़के की तरफ से मांग भी होती है कि कमाने वाली लड़की मिल जाए तो अच्छी बात है। बढ़ती हुई मंहगाई को देखते हुए यह जरूरी है कि महिलाएं घर तक सीमीति न होकर अपने पति की जिम्मेदारी में भाग लेकर परिवार का बोझ हल्का करने का काम करे। आजकल की लड़कियां, लड़कों को छोड़ते हुए हर क्षेत्र में आगे निकल रही हैं। अगर लड़की खुद अपने पैरों पर खड़ी है तो अपनी जरूरतों के साथ-साथ घर वालों का ध्यान अच्छे से रख सकती हैं। इसलिए महिलाओं को चूल्हा चौका तक सीमित नहीं होना चाहिए।
 
नई दिल्ली की कनिता सक्सेना मार्केटिंग कंटेंट राइटर मानती है कि नारी सशक्तिकरण की परिभाषा ही उसके पसंद से ही बनती है। महिलाएं अपने जीवन को आगे बढ़ाती हैं। ये उनपर निर्भर होना चाहिए कि वो क्या पहनती हैं और अपने करियर के लिए क्या चुनती हैं साथ ही किसके साथ जिंदगी बिताना चाहती हैं। यह सब उन पर निर्भर होना चाहिए तभी देश में नारी सशक्तिकरण होगा ?
 
रायबरेली की रहने वाली हेमलता ने कहा कि घर परिवार को चलाने के लिए महिलाओं का काम करना जरूरी है। बढ़ती मंहगाई को देखते हुए पति के साथ हम भी मजदूरी के लिए जाते हैं, जिससे घर का खर्च चलाने में आसानी होती है। अपने सम्मान और योगदान को लेकर 21वीं सदी की महिलाएं पुरुषों से कम नही हैं। घर की भागीदारी में पुरुषों से काफी आगे निकल चुकी हैं। क्या शहर, क्या गांव, महिलाएं नौकरी और मजदूरी कर परिवार को चलाने में अपनी भागीदारी अच्छे से निभा रही हैं।
ये भी पढ़ें
अनानास का जूस पीने के 10 फायदे, जरूर जानें