शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. पर्यटन
  3. पहाड़ों की गोद में
  4. Tour Plan in September
Written By अनिरुद्ध जोशी
Last Updated : बुधवार, 28 दिसंबर 2022 (18:30 IST)

सितंबर में घूमने के लिए देश की ये 10 जगहें हैं बेस्ट

shillong elephant falls
सितंबर माह में बारिश का दबाव कम हो जाता है। चारों ओर हरियाली छाई रहती है। पहाड़ों में भी भूस्खलन का खतरा कम रहता है। समुद्री क्षेत्रों में भी हाई टाइड का खतरा कम रहता है और वॉटर एक्टिविटी भी प्रारंभ हो जाती है। सितंबर माह का अंतिम सप्ताह घूमने के लिए सबसे अच्छा माह माना गया है। आओ जानते हैं कि भारत में कहां कहां घूमने जा सकते हैं।
 
1. लक्ष्यद्वीप : यहां के मुख्य समुद्री तट हैं:- कावरती तट, कल्‍पेनी तट, मिनीकॉय तट, कदामत तट, अगाती तट और बंगाराम तट। यह प्रदूषण रहित वायु, स्‍वच्‍छ पानी और अतिथि सत्‍कार एवं सुविधा के लिए प्रसिद्ध स्थल है। यहां आप सी ड्रायविंग कर सकते हैं या चाहें तो प्राकृतिक आनंद और आराम का भरपूर मजा ले सकते हैं।
 
2. लोनावला हिल स्टेशन : महाराष्ट्र में मुंबई से करीब 96 किलोमीटर और खंडाला से लगभग 5 कीलोमीटर दूर स्थित है लोनावला (लोणावळा) हिल स्टेशन। पूणे से मात्र 2 घंटे का रास्ता है। इसे झीलों का जिला कहते हैं। मुंबई और पूना वासियों के लिए यह उनका फेवरिट डेस्टिनेशन है। इस हिल स्टेशन क्षेत्र में लोनावला झील, तिगौती झील, मानसून झील और वाल्वन झील प्रमुख हैं, जिन्हें देखना बहुत ही अद्भुत है। खासकर वाल्वन झील पर बना वाल्वन बांध एक बेहतरीन पिकनिक स्पॉट है।
 
3. शिलॉन्ग : मेघालय की राजधानी शिलॉन्‍ग भारत का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन है। इसे पूर्व का स्कॉटलैंड कहा जाता है। चेरापूंजी का स्‍थानीय और आधिकारिक नाम सोहरा है जो शिलॉन्‍ग से 56 किलो मीटर की दूरी पर है। यह खासी पहाड़ी के दक्षिणी किनारें पर स्थित एक छोटा सा कस्‍बा है। चेरापूंजी 12 महीने ही घनी बारिश के कारण विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है।
 
4. शिमला : भारत के अधिकतर पर्यटक हिमाचल घुमने जाते हैं। हिमाचल में शिमला और मनाली सबसे प्रसिद्ध स्थल है। यहां घाटी और चारों ओर हिमालय पर्वत की चोटियों का सुंदर दृश्‍य दिखाई देता है। शिमला से मनाली लगभग 275 किलोमीटर दूर है। चारों ओर से पहाड़ों से घिरे मनाली को देखकर रोमांच और रोमांस का अनुभव होता है। आप हिचाचल के शिमला नहीं जाना चाहें तो उत्तराखंड के अल्मोड़ा हिल स्टेशन का चयन भी कर सकते हैं‍, जिसके पूर्व में पिथौरागढ़ व चम्पावत, पश्चिम में पौड़ी, उत्तर में बागेश्वर, दक्षिण में नैनीताल स्थित है।
 
5. ऊटी : तमिलनाडु का विश्‍व प्रसिद्ध शहर ऊटी हनीमून के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। इसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल उधगमंडलम या ऊटी को डेस्टिनेशन स्पॉट बनाने में जॉन सुल्लिवन के योगदान को माना जाता है। यहां दूर-दूर तक फैली हरियाली, चाय के बागान, तरह-तरह की वनस्पतियां आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। ऊटी में नीलगिरी पर्वतों की श्रृंखलाएं हैं। पहाड़ी से पहाड़ों, घाटियों और पठारों के नयनाभिराम दृश्य निहारना बेहद खूबसूरत अनुभव है। यहां इन्हें निहारने के लिए दूरबीन का प्रबंध किया गया है।
 
6. भेड़ाघाट : मध्यप्रदेश के जबलपुर के पास भेड़ाघाट में विश्‍व प्रसिद्ध धुआंधार झरना है, जिसकी ऊंचाई लगभग 10 मीटर। हालांकि यह झरना चौड़ाई में अधिक है। यहां नर्मदा नदी का पानी बहता है। बारिश के बाद सितंबर माह में इसे देखना बहुत ही अद्भुत अनुभव रहेगा। आपा चाहें तो जबलपुर के आगे खजुराहो भी घूमने जा सकते हैं, लेकिन यदि आपके साथ आपके माता पिता या बच्चे हैं तो यहां न जाएं।
ooty hill station
7. सापुतारा : यह गुजरात का बहुत ही सुंदर हिल स्टेशन है। हरे भरे वनों से लदे और बहुत ही शानदार झरने के साथ इसे देखना बहुत ही सुकूनभरा है। यदि आपको ट्रैकिंग करना पसंद है तो ये जगह आपके लिए उपयुक्त है क्योंकि यह जगह ट्रैकिंग और एडवेंचर्स के लिए काफी प्रसिद्ध है।
 
8. मुन्नार : मुन्नार : केरल का मुन्नार हिल स्टेशन स्वर्ग के समान है। तीन पर्वतों की श्रृंखला- मुथिरपुझा, नल्लथन्नी और कुंडल, के मिलन स्थल पर स्थित है मुन्नार। इस हिल स्टेशन की पहचान है यहां के विस्तृत भू-भाग में फैली चाय की खेती, औपनिवेशिक बंगले, छोटी नदियां, झरनें और ठंडे मौसम। ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग के लिए यह एक शानदार स्थल है। यहां पर्यटकों के बीच हाउसबोटिंग काफी लोकप्रिय है। चाय के बगीचे, वॉंन्डरला अम्यूसमेंट पार्क, कोची फोर्ट, गणपति मंदिर और हाउस बोट प्रमुख रोमांच है।
 
9. कच्छ का रण : गुजरात के कच्छ जिला क्षेत्र की राजधानी भुज एक प्राचीन और ऐतिहासिक शहर है। यहां आप कच्छ का रण या सफेद रेगिस्तान देख सकते हैं। भुज में वास्तुकला की अद्भत संरचनाओं को भी देखा जा सकता है। भुज में हमीरसार झील भी देखने लायक स्थान है। कच्छ एक रेगिस्तान क्षेत्र है। यहां का रेगिस्तान दुनिया का सबसे अलग रेगिस्तान है जो कि सफेद है। आमतौर पर रेगिस्तान पीले होते हैं परंतु यह सफेद है। यह सफेद रेगिस्तान रेत का नहीं, बल्कि नमक का है। इसे द ग्रेट रण ऑफ कच्छ कहते हैं।
 
10. लेह : भारतीय राज्य लद्दाख का बहुत ही सुंदर क्षेत्र लेह ऊंचे ऊंचे पहाड़ों का क्षेत्र है। लेह पर्यटकों के लिए स्वर्ग है। यह धार्मिक व्यक्तियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र तथा खोजी व्यक्तियों के लिए अपार संभावना का केंद्र है। भारत, चीन तथा पाकिस्तान की सीमाओं की मिलन स्थली भी यहीं है। चारों ओर रेतीला भूरा पठार। हवा में अच्छी-खासी ठंडक। बौद्ध स्तूप और झील को देखा रोमांच भरा रहेगा।