शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. वीमेन कॉर्नर
  3. मातृ दिवस
  4. mothers day poem
Written By

Mother's Day पर निदा फाज़ली की कविता : बेसन की सोंधी रोटी

Mother's Day पर निदा फाज़ली की कविता : बेसन की सोंधी रोटी - mothers day poem
Mothers Day Poem
- निदा फाज़ली 
 
बेसन की सोंधी रोटी पर 
खट्‍टी चटनी-जैसी मां 
याद आती है चौका-बासन
चिमटा, फुकनी-जैसी मां 
 
बान की खुरीं खाट के ऊपर 
हर आहट पर कान धरे 
आधी सोई आधी जागी 
थकी दोपहरी-जैसी मां 
 
चिडि़यों की चहकार में गूँज़े 
राधा-मोहन, अली-अली 
मुर्गे की आवाज़ से खुलती 
घर की कुण्डी-जैसी मां 
 
बीवी, बेटी, बहन, पड़ोसन 
थोड़ी-थोड़ी-सी सब में 
दिन भर इक रस्सी के ऊपर 
चलती नटनी -जैसी मां 
 
बांट के अपना चेहरा, माथा 
आँखें जाने कहाँ गईं 
फटे पुराने इक अलबम में 
चंचल लड़की-जैसी मां।