कैसे खुलेंगे नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात के दरिंदगी के राज, मुख्य गवाह की सड़क हादसे में मौत, हादसा या साजिश
महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद स्वयंभू बाबा अशोक खरात के करीबी जितेंद्र शेलके की मौत हो गई है। इससे इस पूरे केस में नया मोड़ आ गया है। जितेंद्र शेलके पाखंडी खरात के शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भी थे। इस हादसे में उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा धोत्रे गांव के पास उस समय हुआ, जब उनकी कार एक खड़े कंटेनर से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र शेलके अपने परिवार के साथ छत्रपति संभाजीनगर के शिरडी की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान समृद्धि एक्सप्रेसवे पर धोत्रे गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक विशाल कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा लोहे के मलबे में तब्दील होकर कंटेनर के नीचे घुस गया। इस भयावह हादसे में जितेंद्र शेलके ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर जांच कर रही है, लेकिन शेलके की पृष्ठभूमि ने इसे संदिग्ध बना दिया है। जितेंद्र शेलके न केवल अशोक खरात के दाहिने हाथ माने जाते थे, बल्कि वे ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन और स्कैंडल से जुड़े कई गहरे राजों के इकलौते गवाह थे।
इधर शिवसेना (UBT) की फायरब्रांड नेता सुषमा अंधारे ने इस हादसे को साजिश करार दिया है। अंधारे ने कहा कि इस हादसे में साजिश की साफ बू आ रही है। हमने पहले ही आशंका जताई थी कि अशोक खरात के करीबियों की जान को खतरा हो सकता है। शेलके की मौत के साथ ही कई सफेदपोश चेहरों के राज हमेशा के लिए दफन हो सकते हैं। इसकी उच्च स्तरीय जांच जरूरी है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें