एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी देश की PM, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान से छिड़ा सियासी घमासान
AIMIM chief Asaduddin Owaisis News : AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत के संविधान में सभी समुदायों को समान दर्जा प्राप्त है और वह दिन दूर नहीं जब हिजाब पहनने वाली एक महिला भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। ओवैसी के इस बयान के बाद सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन पर तीखा पलटवार किया है।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों की कोई पॉलिटिकल एजेंसी नहीं है। अगर आप सिर्फ वोटर बनकर रहेंगे, तो घर पर बुलडोजर चलेगा। BJP हो, अजीत पवार या एकनाथ शिंदे ये सभी पार्टियां आपको डराकर आपका वोट हासिल करना चाहती हैं। मजलिस आपको कह रही है कि अपनी पॉलिटिकल एजेंसी बनाइए।
महाराष्ट्र के सोलापुर में 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान का संविधान कहता है कि केवल एक खास धर्म का व्यक्ति ही वहां का प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति बन सकता है। लेकिन डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर द्वारा लिखे गए हमारे संविधान में स्पष्ट है कि कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि वह दिन जरूर आएगा जब हिजाब पहनने वाली एक बेटी भारत की प्रधानमंत्री बनेगी। भले ही उस समय मैं या मौजूदा पीढ़ी मौजूद न हो, लेकिन यह होकर रहेगा। ओवैसी ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुसलमानों के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी।
औवेस के बयान पर क्या बोली बीजेपी
ओवैसी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद अनिल बोंडे ने इसे एक 'गैर-जिम्मेदाराना बयान' बताया। बोंडे ने आरोप लगाया कि हैदराबाद सांसद केवल आधा सच पेश कर रहे हैं। बीजेपी नेता ने दावा किया कि मुस्लिम महिलाएं खुद हिजाब पहनने की प्रथा के खिलाफ हैं क्योंकि कोई भी गुलामी नहीं चाहता। उन्होंने ईरान में हिजाब के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों का उदाहरण दिया और आरोप लगाया कि भारत में जनसांख्यिकीय असंतुलन बढ़ रहा है। उन्होंने इस दौरान हिंदुओं से एकजुट होने की अपील भी की।
गठबंधन पर साधा निशाना
अपनी रैली के दौरान ओवैसी ने जनता से अपील की कि वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (बीजेपी) और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (शिवसेना) व अजीत पवार (एनसीपी) के गठबंधन वाले उम्मीदवारों को वोट न दें। बीजेपी दावा कर रही है कि अगला मेयर मराठी और हिन्दू होगा। ओवैसी के अनुसार, ऐसी चर्चाएं केवल चुनावों के दौरान ही क्यों सामने आती हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि महायुति सरकार नफरत की बुनियाद पर चल रही है और संविधान के अनुरूप काम नहीं कर रही है। ओवैसी ने किसानों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और मतदाताओं से अपील की कि वे इस 'साजिश' का शिकार न बनें और चुनावों में करारा जवाब दें। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें