शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Madhya Pradesh: Big victory of BJP in the election of District Panchayat President
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : शुक्रवार, 29 जुलाई 2022 (13:39 IST)

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, 24 जगहों पर जीते उम्मीदवार, कांग्रेस के खाते में 7

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, 24 जगहों पर जीते उम्मीदवार, कांग्रेस के खाते में 7 - Madhya Pradesh: Big victory of BJP in the election of District Panchayat President
भोपाल। मध्यप्रदेश में आज हो रहे जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा बड़ी जीत की ओर आगे बढ़ रही है। अब तक 14 स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जा चुके है। वहीं कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस के संजय पूनार ने निर्विरोध जीत के साथ कांग्रेस के खाते में पहली जीत दर्ज कराई है।

सागर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के भाई हीरा सिंह राजपूत, ग्वालियर ‌में उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह की समर्थक दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव और दतिया में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की समर्थक इंदिरा धीरू दांगी निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई है। वहीं भाजपा की दुर्गा विजय पाटीदार मन्दसौर जिला पंचायत अध्यक्ष पर, प्रभा मिश्रा शहडोल निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई है। वहीं भिंड से भाजपा की कामना सुनील सिंह, रायसेन में जसवंत बबलू मीणा, गुना  में अरविंद धाकड़, कटनी में सुनीता मेहरा, निवाड़ी में सरोज राय निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई है।

कांग्रेस के 7 स्थान पर जिला पंचायत अध्यक्ष-वहीं पंचायत चुनाव में बड़ी जीत का दावा करने वाली कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में पिछड़ गई है। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस के संजय पोन्हार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में कांग्रेस की राधाबाई पटेल ने एक वोट से जीत हासिल की है। वहीं राजगढ़, सिंगरौली, झाबुआ, डिंडोरी और देवास जिला पंचायत अध्यक्ष पद भी कांग्रेस के खाते में गया।

भोपाल में जमकर हंगामा- वहीं राजधानी भोपाल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर जमकर  हंगामा हुआ है। जिला पंचायत कार्यालय में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता आपस में भिड़ गए है। कांग्रेस की ओर मोर्चा संभाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह की गाड़ी के सामने डट गए। जिसके बाद हंगामे के हालात बन गए।  संख्या बल के हिसाब से भोपाल जिला पंचायत का पद खाते में जाता हुआ दिख रहा है लेकिन ऐन मौके पर भाजपा दिग्गजों  के एक्विट होने से सियासी माहौल गर्मा गया है।