धीरेंद्र शास्त्री ने भाई शालिग्राम के नाम खरीदी करोड़ों की जमीन, सपा का आरोप, किसान गोलीकांड में आरोपी बनाने की मांग
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में जमीन विवाद से जुड़े गोलीकांड में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। शालिग्राम पर जमीन कब्जाने के विवाद से जुड़े आरोप में किसान मोती लाल कुशवाह को गोली मारने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक घटना छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुई, जहां जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई। घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उन पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मोतीलाल कुशवाह को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस पर शालिग्राम को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का आरोप भी लगा है।
धीरेंद्र शास्त्री के भाई पर क्या है आरोप?- छतरपुर के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा निवासी पुष्पेंद्र पाण्डेय की पुलिस को दी गई शिकायत मेंबागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, उनके भाई शालेग्राम गर्ग सहित अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमीन विवाद के चलते शालेग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ गांव पहुंचे और मोतीलाल कुशवाहा पर जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और एक व्यक्ति के कथित अपहरण की घटना भी हुई।
पुष्पेंद्र पाण्डेय का आरोप है कि उनकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने दावा किया कि जमीन बेचने का दबाव बनाया गया और मना करने पर यह घटनाक्रम हुआ। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र के कई लोगों की जमीन दबाव या बहला-फुसलाकर खरीदी गई है।शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, शालेग्राम गर्ग और अन्य नामजद लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
भाई से धीरेंद्र शास्त्री ने झाड़ा पल्ला- वहीं बागेश्वर धाम के पीठाध्श्वेर धीरेंद्र शास्त्री ने भाई शालिग्राम से पल्ला झाड़ा लिया है। भाई पर गोली मारने के आरोप के बाद मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका अपने भाई शालिग्राम या उसके परिवार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिली चाहिए। मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मेरा शालिग्राम से कोई संबंध नहीं है और, मेरा अपने परिवार से कोई नाता नहीं है। चूंकि छतरपुर जिला और मेरा परिवार बहुत बड़ा है, इसलिए यहां किसी न किसी तरह की घटनाएं होती रहती हैं। कानून को अपना काम करने दें और उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, जो भी जिम्मेदार है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मुझे हर मामले में न घसीटा जाए।
समाजवादी पार्टी ने लगाए जमीन कब्जाने का आरोप- वहीं अब इस पूरे मामले पर सियासत भी शुरु हो गई है। समाजवादी पार्टी ने बागेश्वर धाम और धीरेंद्र शास्त्री के परिवार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम से जुड़ी बड़ी मात्रा में जमीन, ट्रस्ट की संपत्तियां और अन्य अचल संपत्तियां धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग के नाम दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास रजिस्ट्री के दस्तावेज हैं और जल्द ही इससे जुड़े और खुलासे किए जाएंगे। सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि लगभग 350 एकड़ जमीन शालिग्राम गर्ग के नाम खरीदी गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बागेश्वर सेवा ट्रस्ट से जुड़ी संपत्तियां और मुंबई स्थित एक ट्रस्ट की संपत्तियां भी शालिग्राम गर्ग के नाम पर हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में और दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएंगे।
वहीं सपा प्रदेश अध्यक्ष ने धीरेंद्र शास्त्री के उस कथित बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछले दो वर्षों से उनके भाई से कोई संबंध नहीं है। डॉ. यादव ने कहा कि यदि ऐसा है तो फिर उनके अनुसार संपत्तियां और रजिस्ट्रियां शालिग्राम गर्ग के नाम कैसे हो रही हैं।

