शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. tdp chief n chandrababu naidu meets akhilesh yadav will call on mayawati next
Written By
Last Modified: शनिवार, 18 मई 2019 (23:42 IST)

गठबंधन के लिए विपक्ष की कवायद तेज, राहुल के बाद अखिलेश और मायावती से मिले नायडू

गठबंधन के लिए विपक्ष की कवायद तेज, राहुल के बाद अखिलेश और मायावती से मिले नायडू - tdp chief n chandrababu naidu meets akhilesh yadav will call on mayawati next
लखनऊ। केंद्र की अगली सरकार के गठन के मकसद से गठबंधन बनाने की कवायद में तेलुगुदेशम पार्टी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू शनिवार शाम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती से मिले। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नायडू सीधे विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा कार्यालय के लिए रवाना हुए।
 
सपा कार्यालय पहुंचने पर अखिलेश ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बडी संख्या में सपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। अखिलेश ने इस मुलाकात के बारे में टवीट किया, 'सम्माननीय मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडूजी का लखनऊ में स्वागत कर प्रसन्नता हुई।' 
 
सपा सूत्रों ने बताया कि भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों का मजबूत गठबंधन तैयार करने को लेकर दोनों नेताओं के बीच संभवत: 'चर्चा' हुई है। अखिलेश से मुलाकात के बाद नायडू सीधे मायावती के माल एवेन्यू आवास के लिए रवाना हुए, जहां बसपा सुप्रीमो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया।
 
नायडू ने मायावती को आंध्रप्रदेश के आम भेंट किए। मुलाकात के दौरान बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे। नायडू ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, भाकपा नेता जी. सुधाकर रेडडी और डी. राजा, राकांपा प्रमुख शरद पवार और एलजेडी नेता शरद यादव से मुलाकात के बाद लखनऊ का रुख किया।
 
नायडू तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी से कई दौर की बैठकें पहले ही कर चुके हैं। नायडू की तेदेपा पहले राजग में शामिल थी लेकिन कुछ ही महीने पहले वह गठबंधन से अलग हो गई। विपक्षी दल अगली सरकार के गठन में भाजपा के खिलाफ विपक्ष का संयुक्त मोर्चा तैयार करने में संलग्न हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता से पूछा- मोदी को पक्षकार क्यों बनाया?