गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Lok Sabha Elections 2019, Election Results
Written By
Last Modified: गुरुवार, 23 मई 2019 (00:51 IST)

दिल्ली चुनाव परिणामों की जानकारी के लिए डिजिटल डिस्प्ले

दिल्ली चुनाव परिणामों की जानकारी के लिए डिजिटल डिस्प्ले - Lok Sabha Elections 2019, Election Results
नई दिल्ली। दिल्ली निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने 17वीं लोकसभा की दिल्ली की 7 सीटों के चुनाव परिणामों की पल-पल और सतत जानकारी देने के लिए कनाट प्लेस, खान मार्केट, सिविक सेंटर और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय में बड़े-बड़े डिजिटल डिसप्ले लगाने का प्रबंध किया है।
 
सीईओ कार्यालय की तरफ से बुधवार को दी गई जानकारी में कहा गया है कि लोगों को मतगणना के बारे में ताजी जानकारी मिलती रहे, इसके लिए पहली बार व्यापक तौर पर इंतजाम किए गए हैं। कुल 25 डिस्प्ले स्क्रीन लगाई जाएंगी।
 
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) की इमारत के प्रत्येक मंजिल पर एक कुल 17, खान मार्केट में 1, कनाट प्लेस में 2 और एनडीएमसी भवन के मुख्य द्वार पर 1 यानी कुल 21 स्क्रीन लगाई जाएंगी।
 
उत्तर दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय सिविक सेंटर के गेट नंबर तीन के निकट भूतल और पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय के स्वागत कक्ष पर एक-एक स्क्रीन पर परिणामों की जानकारी दी जाएगी।
 
इसके अलावा सीईओ कार्यालय की कश्मीरी गेट स्थित इमारत में मीडिया ब्लाक और मुख्य द्वार पर 1-1 स्क्रीन पर परिणाम प्रदर्शित किए जाएंगे।
 
कार्यालय ने बताया कि स्क्रीन पर मुख्यत: दिल्ली की सातों सीटों के चुनाव परिणामों के बारे में नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा स्क्रीन के नीचे राष्ट्रीय स्तर के परिणामों की जानकारी स्क्रॉल के जरिए दी जाएगी।
ये भी पढ़ें
भोपाल में 3 लेयर में हो रही EVM स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, कैमरे और CRPF के जवान तैनात