शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. Priyadarshini Raje Scindia will not fight Lok Sabha polls
Written By विशेष प्रतिनिधि

बड़ा सवाल, क्या प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव?

बड़ा सवाल, क्या प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव? - Priyadarshini Raje Scindia will not fight Lok Sabha polls
भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में लंबे समय से इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया लोकसभा चुनाव लड़ेंगी? कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी और ग्वालियर राजघराने की महारानी प्रियदर्शिनी राजे को ग्वालियर या गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की मांग लंबे समय से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता कर रहे हैं।

दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने प्रियदर्शिनी की उम्मीदवारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। बावरिया के मुताबिक प्रियदर्शिनी राजे चुनाव नहीं लड़ेंगी, जबकि ज्योतिरादित्य अपनी परंपरागत सीट गुना से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

दीपक बावरिया के इस बयान के बाद अब लगभग ये तय माना जा रहा है कि प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया खुद लोकसभा चुनाव नहीं लड़कर ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। इससे पहले ग्वालियर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया को लोकसभा चुनाव लड़ाने के लिए एक प्रस्ताव पास कर पार्टी हाईकमान को भेजा था।

पार्टी सूत्र बताते हैं कि प्रियदर्शिनी के चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने पर आखिरी फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे। प्रियदर्शिनी राजे के चुनाव नहीं लड़ने पर पार्टी किसी नए चेहरे को ग्वालियर से चुनाव मैदान में उतार सकती है। मप्र में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अब तक सिर्फ नौ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। मंगलवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद ये माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही प्रदेश में अधिकांश सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देगी।
ये भी पढ़ें
ढाई दशक से भाजपा का 'अटल' दुर्ग है लखनऊ