शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. lok sabha 2019 election results
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 24 मई 2019 (01:06 IST)

लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 : देश की चर्चित सीटों पर किसे मिली जीत और किसे पराजय

लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 : देश की चर्चित सीटों पर किसे मिली जीत और किसे पराजय - lok sabha 2019 election results
लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव परिणाम में भाजपा नीत एनडीए को प्रचंड बहुमत प्राप्त हुआ। लोकसभा चुनाव में मोदी की सुनामी में कई दिग्गज धराशायी हो गए। देश की चर्चित सीटों पर परिणाम-
 
1. वाराणसी : देश ही नहीं, दुनिया की निगाहें इस सीट पर लगी हुई थीं। यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव को 4.79 लाख मतों से परास्त किया।
 
2. अमेठी : अमेठी में भाजपा की स्मृति ईरानी ने कांग्रेस की परंपरागत सीट में सेंध लगा दी। यहां स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,120 वोटों से पराजित किया। हालांकि राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर 4.31 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
 
3. भोपाल : मध्यप्रदेश की सबसे हॉट सीटों में से एक भोपाल संसदीय सीट पर राज्य के पूर्व मुख्‍यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजयसिंह और साध्वी प्रज्ञा के बीच मुकाबला था। इस सीट पर देशभर की निगाहें थीं। इसी सीट पर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को करीब 3,64,822 वोटों से हराया।
 
4. गुना : मध्यप्रदेश की गुना संसदीय सीट पर कांग्रेस के वर्तमान सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को हार का सामना करना पड़ा। यह सिंधिया परिवार की परंपरागत सीट थी। यहां भाजपा के केपी यादव ने सिंधिया को 1 लाख से ज्यादा वोटों से पराजित किया है। सिंधिया का इस सीट से हार जाना किसी आश्चर्य से कम नहीं है।
 
5. रामपुर : यह सीट भी आजम खा और जयप्रदा के बीच मुकाबले के कारण देशभर में चर्चाओं में थीं। यहां समाजवादी पार्टी के आजम खां ने भाजपा की जयाप्रदा को 1 लाख नौ हजार 977 मतों से पराजित किया। यह सीट सपा ने भाजपा से छीनी।
 
6. लखनऊ : उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथसिंह राजनाथ सिंह ने 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की। यहां समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी और शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा दूसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस ने यहां प्रमोद कृष्णम को अपना उम्मीदवार बनाया था।
 
7. पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी क्रिकेटर गौतम गंभीर ने हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के अरविंदरसिंह लवली को 3 लाख से ज्यादा वोटों से पराजित किया।
 
8. दक्षिण दिल्ली : यह सीट मुक्केबाज विजेन्दर सिंह के कारण चर्चाओं में थी। विजेन्द्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के रमेश बिधूड़ी ने जीत हासिल की। बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के राघव चड्‍ढा को 3 लाख से ज्यादा वोटों को हराया।
 
9. बेगूसराय : इस सीट पर भी दिलचस्प मुकाबला था। यहां भाजपा के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीपीआई के कन्हैया कुमार को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हराया।
 
10. पटना साहिब : भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा को 2 लाख 84 हजार 657 वोटों से पराजित किया।
 
11. गुरदासपुर : पंजाब की गुरदासपुर सीट पर भाजपा के प्रत्याशी सनी देओल ने कांग्रेस के वर्तमान सांसद सुनील जाखड़ को 82 हजार 459 वोटों से हरा दिया।
 
12. जयपुर ग्रामीण : राजस्थान की जयपुर ग्रामीण सीट पर केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धनसिंह राठौर ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णा पूनिया को 3 लाख से अधिक वोटों से हराया। राठौर और पूनिया दोनों ही खिलाड़ी हैं।
 
13. झालावाड़-बारां : राजस्थान की झालावाड़-बारां सीट पर पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र एवं भाजपा प्रत्याशी दुष्यंत सिंह को जीत मिली। दुष्यं‍त सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रमोद शर्मा को 4 लाख से ज्यादा वोटों से हराया।
 
14. आजमगढ़ : यूपी की आजमगढ़ सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा उम्मीदवार और भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ 'निरहुआ' को हराया। अखिलेश यादव ने निरहुआ को 2 लाख 59 हजार 874 वोटों से मात दी।
 
15. गाजियाबाद : यूपी की गाजियाबाद सीट पर भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने समाजवादी पार्टी के सुरेश बंसल को 5 लाख 15 हजार वोटों से हराया।
 
16. गोरखपुर : गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन को जीत मिली। रवि किशन ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार रामभुआल निषाद को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हराया।
 
17. मथुरा : मथुरा से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सांसद हेमा मालिनी ने जीत हासिल की। हेमा मालिनी ने यहां राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी कुंवर नरेन्द्रसिंह को 2 लाख 93 हजार 471 वोटों से हराया।
 
18. पीलीभीत : भाजपा के वरुण गांधी ने समाजवादी पार्टी के हेमराज वर्मा को हराया।
 
19. रायबरेली : यहां सोनिया गांधी को 1 लाख से अधिक वोटों से जीत मिली। सोनिया गांधी ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को हराया।
 
20. सुल्तानपुर : उत्तरप्रदेश की सुल्तानपुर सीट पर मेनका गांधी ने बसपा उम्मीदवार चंद्रभद्र सिंह को 14 हजार से ज्यादा वोटों से पराजित किया।
 
21. हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट पर भाजपा के अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के रामलाल ठाकुर को 3 लाख से ज्यादा वोटों से पराजित किया।
 
22. चंडीगढ़ : चंडीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान सांसद किरण खेर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पवन बंसल को करीब 46 हजार 970 वोटों से पराजित किया।
 
23. बठिंडा : केंद्रीय मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदरसिंह राजा को 21 हजार 21 हजार 772 वोटों से पराजित किया।
 
24. उत्तर-पूर्व दिल्ली : उत्तर-पूर्व दिल्ली सीट पर भाजपा के मनोज तिवारी ने कांग्रेस की शीला दीक्षित को 3,66,102 वोटों से पराजित किया।
 
25. बीकानेर : राजस्थान की बीकानेर सीट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी मदनगोपाल को 2,64,081 मतों से हराया।