गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. Digvijay Singh election campaign in Bhopal
Written By विकास सिंह
Last Updated : गुरुवार, 9 मई 2019 (17:26 IST)

बदले बदले नजर आ रहे दिग्विजय, गौ पूजन और मंदिरों में टेक रहे माथा, वोट के लिए बांटा जा रहा नर्मदा जल

बदले बदले नजर आ रहे दिग्विजय, गौ पूजन और मंदिरों में टेक रहे माथा, वोट के लिए बांटा जा रहा नर्मदा जल - Digvijay Singh election campaign in Bhopal
भोपाल। 12 मई को भोपाल में होने वाली वोटिंग से पहले कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह पूरी तरह बदले बदले नजर आ रहे हैं। चुनावी नैया पार लगाने और भाजपा के हिंदुत्व कार्ड का मुकाबला करने के लिए दिग्विजय अब पूरी तरह धर्मिक रंग में डूबे नजर आ रहे हैं।
 
मंगलवार को कंप्यूटर बाबा के हठ योग में पहुंचकर हवन पूजन करना और फिर बुधवार को साधु संतों के साथ रोड शो करने के बाद आज दिग्विजय सिंह ने अपने जनसंपर्क की शुरुआत एमपी नगर स्थित गायत्री मंदिर में पूजा अर्चना करके की।
 
गायत्री मंदिर पहुंचे दिग्विजय सिंह ने मंदिर में दर्शन करने के बाद गौशाला पहुंचकर, गौ पूजन करके गायों को चारा भी खिलाया। ऐसे में जब चुनाव प्रचार के लिए एक दिन का ही समय बचा है तब दिग्विजय सिंह वोटरों को रिझाने का हर दांव चल रहे हैं।
 
दिग्विजय सिंह का सीधा मुकाबला भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है जो हिंदुत्व का एक कट्टर चेहरा माना जाता है, इसलिए भाजपा ने पूरे चुनाव प्रचार के दौरान हिंदुत्व को मुद्दें को जोर शोर से उठाया। दिग्विजय सिंह सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर चलकर जीत की तलाश में हैं।
समर्थक दिला रहे नर्मदा जल की सौगंध - वहीं दिग्विजय सिंह के समर्थक घर-घर नर्मदा जल बांट कर लोगों से दिग्विजय सिंह के लिए वोट करने की अपील कर रहे हैं। मंत्री पीसी शर्मा समेत कई कांग्रेस नेता वोटिंग से ठीक पहले लोगों के घर-घर जाकर जनसम्पर्क कर रहे हैं।

पीसी शर्मा दिग्विजय सिंह की नर्मदा की पैदल यात्रा का जिक्र करते हुए लोगों से कहते हैं कि जिसने हैलीकॉप्टर से यात्रा कि उसको वोट देंगे, या जिसने पैदल की उसको।
ये भी पढ़ें
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट परिचय