शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. social media
Written By
Last Modified: बुधवार, 17 अक्टूबर 2018 (11:22 IST)

बड़े नामों की फेहरिस्त बना #MeToo

बड़े नामों की फेहरिस्त बना #MeToo - social media
सोशल मीडिया के #MeToo अभियान ने भारत में कई नामी लोगों को गिरफ्त में लिया है। महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोपों से घिरी इन हस्तियों में से कुछ ने माफी मांगी हैं तो कुछ आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
 
 
नाना पाटेकर
मीटू में सबसे पहला नाम अभिनेता नाना पाटेकर का आया, जिन पर अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने गंभीर आरोप लगाए। पूर्व मिस इंडिया तनुश्री का कहना है कि 10 साल पहले नाना पाटेकर ने एक फिल्म के सेट पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया था।
 
 
एमजे अकबर
पत्रकार से केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले एमजे अकबर पर करीब 10 महिलाओं ने यौन शोषण और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। अकबर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन महिलाओं के खिलाफ अदालत का रास्ता अपनाया है।
 
 
आलोक नाथ
लेखिका और निर्माता विनता नंदा ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि बॉलीवुड में "संस्कारी" कहे जाने शख्स ने उनके साथ 19 साल पहले दुष्कर्म किया। उनके आरोप अभिनेता आलोक नाथ पर थे। नंदा के बाद अभिनेत्री संध्या मृदुल और दीपिका अमीन ने भी आलोक नाथ पर संगीन आरोप लगाए हैं।
 
 
विनोद दुआ
पत्रकार विनोद दुआ पर फिल्म निर्माता निष्ठा जैन ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। जैन ने कहा कि 1989 में जब वह दुआ के पास जॉब इंटरव्यू के लिए गईं थीं तो उन्होंने बेहद ही अभद्र कमेंट पास किया। जैन ने लिखा कि दूसरी जगह नौकरी लगने के बाद भी दु्आ उन्हें परेशान करते रहे।
 
 
विकास बहल
चर्चित फिल्म 'क्वीन' फिल्म के डायरेक्टर विकास बहल पर फिल्म प्रॉडक्शन कंपनी फैंटम से जुड़ी एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले के बाद क्वीन की अभिनेत्री रही कंगना रनौत ने भी अपने साथ हुए घटना के बारे में बताया था।

 
कैलाश खेर
कैलाश खेर पर एक पत्रकार और गायिका सोना महापात्रा ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। एक अन्य महिला ने यूट्यूब पर वीडियो अपलोड कर बताया था कि वह कैलाश खेर को अपना गुरू मानती थी लेकिन उन्होंने उसके साथ गलत व्यवहार किया।

 
अभिजीत
अपने विवादित बयानों के चलते चर्चा में रहने वाले गायक अभिजीत भट्टाचार्य पर एक महिला ने पब में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक यह महिला एक फ्लाइट अटेंडेंट हैं जिसके साथ यह वाकया 20 साल पहले कोलकाता के एक पब में हुआ था।
 
 
साजिद खान
फिल्म डायरेक्टर साजिद खान के लिए मीटू में आरोपों का सिलसिला थम ही नहीं रहा है। खान के साथ बतौर असिस्टेंट डायरेक्‍टर काम कर चुकी सलोनी अरोड़ा ने उन पर अश्लील व्यवहार का आरोप लगाया है। अभिनेत्री बिपाशा बासु के अलावा कई महिलाओं ने भी साजिद के खराब व्यवहार पर खुलकर बोला है।
 
 
रघु दीक्षित
गायक और संगीतकार रघु दीक्षित पर भी अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं। गायिका चिन्मई श्रीपदा ने एक महिला द्वारा लगाए आरोपों को ट्विटर पर शेयर किया। महिला का आरोप है कि जब वह रिकॉर्डिंग के लिए गई थी तो रघु ने उसे जबरदस्ती किस करने की कोशिश की।
 
 
सुभाष घई
राजकपूर के बाद बॉलीवुड के दूसरे शोमैन कहे जाने वाले सुभाष घई पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि उसे घई ने नशीला पदार्थ दिया और फिर उसका रेप किया। पीड़िता के साथ बातचीत के स्क्रीन शॉट्स लेखिका महिमा कुकरेजा ने सोशल मीडिया पर शेयर किए थे।
 
 
सुहेल सेठ
सेलेब्रिटी कंसल्टेंट और लेखक सुहेल सेठ पर चार महिलाओं ने गलत और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। इनमें से दो महिलाओं ने सेठ पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।
 
 
चेतन भगत
मीटू मूवमेंट में लेखक चेतन भगत का भी नाम सामने आया था, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग ली। हालांकि अब भगत ने एक स्क्रीनशॉट ट्वीट करते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। उन्होंने लिखा है कि महिला ने उन्हें "किस यू मिस यू" लिखा था।
 
 
रजत कपूर
अभिनेता रजत कपूर पर एक महिला पत्रकार ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। इस आरोप के बाद कपूर ने अपने ट्वीट में लिखा, "पूरी जिंदगी मैंने एक अच्छा इंसान बनने की कोशिश की है। अगर मेरे शब्दों या हरकत से किसी को भी दुख पहुंचा हो तो मैं पूरे दिल से माफी मांगता हूं।"
 
 
सीपी सुरेंद्रन
पत्रकार और लेखक सीपी सुरेंद्रन पर भी अभद्र व्यवहार के आरोप लग रहे हैं। न्यूजपोर्टल स्क्रॉल ने अपनी एक रिपोर्ट में 11 पीड़िताओं की आपबीती बयान करते हुए लिखा है कि सुरेंद्रन उन्हें गलत ढंग से छूते थे और भद्दे कमेंट करते थे।
 
 
और भी कई नाम
न्यूज पोर्टल द क्विंट के पत्रकार मेघनाद बोस, हिंदुस्तान टाइम्स के पत्रकार प्रशांत झा के अलावा, कमेडियन तन्मय भट्ट, गुरुशरण खंभा और महिला कमेडियन अदिति मित्तल का नाम भी मीटू मूवमेंट में सामने आया है।
 
ये भी पढ़ें
कई गुना महंगी हो जाएगी बीयर