गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
Written By वार्ता

राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल नहीं होगा क्रिकेट

राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल नहीं होगा क्रिकेट -
FILE
मुंबई। क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किए जाने के तमाम प्रयास को विफल करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने राष्ट्रमंडल खेल संघ के प्रस्ताव को खारिज कर क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किए जाने से इनकार कर दिया है।

आईसीसी के इस प्रस्ताव को खारिज करने के साथ ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में वर्ष 2018 में होने वाले अगले राष्ट्रमंडल खेलों तक इस आयोजन का हिस्सा नहीं होगा। वर्ष 1998 कुआलालम्पुर गेम्स में पहली और आखिरी बार 50 ओवर क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया था। उस दौरान दक्षिण अफ्रीका ने स्वर्ण पदक जीता था।

राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष प्रिंस टुंकू इमरान ने वर्ष 2012 में आईसीसी के सामने आधिकारिक रूप से प्रस्ताव रखकर क्रिकेट को 2014 ग्लास्गो और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किए जाने के लिए कहा था। ग्लास्गो में बुधवार से 2014 राष्ट्रमंडल खेलों का आगाज हो चुका है।

आईसीसी प्रवक्ता ने जारी एक बयान में कहा पुरुष और महिला ट्वेंटी 20 क्रिकेट को 2014 और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किए जाने का प्रस्ताव था लेकिन फिलहाल इस पर कोई निर्णय नहीं निकल सका है। हालांकि सेंट लुसिया में 2017 में यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट पहले तय कार्यक्रम के तहत शामिल होगा।

ट्वेंटी 20 प्रारूप को राष्ट्रमंडल खेलों के हिसाब से उचित माना जा रहा था लेकिन आईसीसी हर दो वर्ष में टी 20 विश्वकप का आयोजन करता है। इसके अलावा 2015 से 2023 तक क्रिकेट की वैश्विक संस्था पहले से ही तय कार्यक्रमों के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके अलावा चार से 15 अप्रैल तक गोल्ड कोस्ट में 2018 गेम्स का कार्यक्रम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कार्यक्रम से टकरा रहा है। इसे भी क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर रखे जाने की बड़ी वजह माना जा रहा है।

इस वर्ष दक्षिण कोरिया के इंचिओन में होने वाले एशियाई खेलों में ट्वेंटी 20 क्रिकेट खेला जाएगा लेकिन क्रिकेट में एशिया के दो दिग्गज देश भारत और पाकिस्तान इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं। (वार्ता)