Last Modified: वेलिंगटन (वार्ता) ,
शुक्रवार, 15 जून 2007 (20:09 IST)
मार्शल ने पैसों के लिए वतन को छोड़ा
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हैमिश मार्शल ने पैसों के खातिर अपना वतन छोड़ने का फैसला कर लिया है।
मार्शल ने न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व करने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है, ताकि इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलना जारी रख सकें। इसके जरिए वे काफी धन भी कमा
मार्शल को न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने 2007-08 के लिए अनुबंध की पेशकश की थी, लेकिन वह इंग्लैंड में ग्लूस्टरशायर की तरफ से स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेलना चाहते थे और इसलिए उन्होंने एनजेडसी की पेशकश ठुकरा दी।
28 साल के मार्शल अब न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगे। उन्होंने एनजेडसी के जरिए कहा कि यह मेरी जिंदगी का सबसे कठिन फैसला था और मैंने आर्थिक कारणों से ऐसा किया है। एनजेडसी के महाप्रबंधक लिंडसे क्रोकर ने कहा कि उन्हें मार्शल के फैसले से बहुत निराशा हुई है।
मार्शल ने न्यूजीलैंड की तरफ से 13 टेस्ट और 66 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में दो शतकों के साथ 38.35 के औसत से 652 रन बनाए हैं। एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय मैचों में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 101 रहा और उन्होंने 27.43 के औसत से 1454 रन स्कोर किए।
उन्होंने अपना पिछला टेस्ट साल भर से ज्यादा समय पहले खेला था। उन्हें इसी साल हुए विश्व कप के लिए न्यूजीलैंड की टीम में आखिरी समय में शामिल किया गया था।