गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
  6. धोनी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर बरकरार
Written By भाषा

धोनी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर बरकरार

Mahendra Singh Dhoni, icc Ranking | धोनी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर बरकरार
WD
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और मध्यक्रम के युवा बल्लेबाज विराट कोहली एकदिवसीय क्रिकेट की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में क्रमश: तीसरे और पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। धोनी के 778 रेटिंग अंक हैं और इंग्लैंड के जोनाथन ट्राट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

कोहली के 759 रेटिंग अंक हैं और वह ऑस्ट्रेलियाई शेन वॉटसन के साथ पांचवें स्थान पर काबिज हैं। इन दोनों के अलावा भारत के गौतम गंभीर (12वें), सचिन तेंडुलकर (16वें) और वीरेंद्र सहवाग (20वें) ही शीर्ष 20 में शामिल हैं।

दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला और एबी डी'विलियर्स पहले दो स्थान पर बने हुए हैं। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के मोर्ने मोर्कल के गेंदबाजी रैंकिंग में खिसकने से डेनियल विटोरी फिर से नंबर एक गेंदबाज बन गए। विटोरी को इस साल जुलाई में इंग्लैंड के ग्रीम स्वान ने चोटी से हटाया था।

पिछले सप्ताह स्वान की जगह मोर्कल नंबर एक स्थान पर काबिज हो गए थे। भारतीय गेंदबाजों में केवल हरभजन सिंह (19) ही शीर्ष 20 में शामिल हैं। आर. अश्विन एक पायदान नीचे 21वें स्थान पर खिसक गए हैं।

टीम चैंपियनशिप में दक्षिण अफ्रीका डरबन में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार के कारण चौथे स्थान पर बना हुआ है। यदि वह इस मैच में जीत जाता तो श्रीलंका (दूसरे) और भारत (तीसरे) को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच जाता। ऑस्ट्रेलिया अब भी अपने करीबी श्रीलंका पर 11 रेटिंग अंक की बढ़त के साथ चोटी पर बना हुआ है। (भाषा)