1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Year ended many Sports jinx as RCB Proteas and Indian women lifts Trophy
Written By WD Sports Desk

बैंगलूरू, दक्षिण अफ्रीकी टीम और भारतीय महिलाओं ने आखिरकार उठाई ट्रॉफी

Yearender
कहते हैं जिस उपलब्धि का इंतजार बरसों से हो रहा हो और जब वह इंतजार खत्म हो जाता है तो खुशी के आंसू बह निकलते हैं। खेल के मैदान में साल 2025 एक ऐसा ही साल रहा जहां  ज्यादातर खिलाड़ियों के सपने पूरे हो गए। हालांकि इस कड़ी में कुछ इंतजार और ज्यादा बढ़ गए, वह अपने इंतजार को अगले साल पूरा करने में जुट जाएंगे।

18 साल का इंतजार खत्म कर पहली बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू ने उठाई आईपीएल की ट्रॉफी

आईपीएल 2025 फाइनल में  विराट कोहली (43), कप्तान रजत पाटीदार (26), जितेश शर्मा (24), मयंक अग्रवाल (24) और लियम लिविंगस्टन (25) रनों की पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने नौ विकेट पर 190 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके बाद क्रुणाल पंड्या और भुवनेश्वर कुमार (दो-दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को रोमांचक मुकाबले में छह रनों से मात दी।

191 रनों की खिताबी चुनौती को पार करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। पांचवें ओवर में जॉश हेलवुड ने प्रियांश आर्य 19 गेंदों में (24) रन का बांउड्री पर फिल साल्ट ने मैच का बेहतरीन कैच पकड़ कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलरु को पहली सफलता दिलाई। नौवें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने प्रभसिमरन सिंह 22 गेंदों में (26) को आउटकर पंजाब को दूसरा झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान श्रेयस अय्यर (एक) को रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर विकेटकीपर जितेश ने लपका।

क्रुणाल पंड्या ने 13वें ओवर में जॉश इंग्लिस को आउटकर पंजाब को बड़ा झटका दिया। जॉश इंग्लिस ने 23 गेंदों में चार छक्के और एक चौका लगाते हुए (39) रनों की पारी खेली। 17वें ओवर भुवनेश्वर कुमार ने नेहाल बढे़रा (15) और इसी ओवर में मार्कस स्टॉयनिस (छह) को आउट कर पंजाब को दोहरा झटका दिया। 18वें ओवर में यश दयाल ने अजमतउल्लाह ओमरजई (एक) को आउट कर बेंगलुरु को सातवीं सफलता दिलाई। पंजाब किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी और छह रन से खिताबी मुकाबला हार गई।रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या ने दो- दो विकेट लिये। 

21वीं सदी में पहली बार जीता दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेटों से हराया

सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम (136) की शतकीय पारी और तीसरे विकेट के लिए कप्तान तेम्बा बावुमा (66) के साथ 144 रन की  साझेदारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में  चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

जीत के लिए 282 रन का पीछा कर रही दक्षिण अफ्रीका की टीम को ‘चोकर्स’ के तमगे को पीछे छोड़ दिया और 27 साल में अपना पहला आईसीसी खिताब जीतने के लिए जरूरी 69 रनों को आज 3 विकेट और कुछ सधी बल्लेबाजी के दम पर पा लिया।टीम ने इससे पहले 1998 में चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में अपना इकलौता आईसीसी खिताब जीता था।

बावुमा ने बायें पैर की मांसपेशियों की खिंचाव के बावजूद दुनिया की सबसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने क्रीज पर डटे रहने का साहसिक फैसला कर मारक्रम का शानदार तरीके से साथ निभाया।     इस मैच के शुरुआती दो दिन 14-14 विकेट गिरे थे लेकिन तीसरे दिन परिस्थितियों बल्लेबाजी के लिए आसान हो गयी जिसका दक्षिण अफ्रीका ने पूरा फायदा उठाया।

भारतीय महिला टीम ने खत्म किया 52 साल का इंतजार पहली बार जीता वनडे विश्वकप

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार मुंबई के डीवाए पाटिल स्टेडियम में इतिहास रचकर एकदिवसीय विश्वकप में अपना कब्जा जमा लिया। भारत के लिए शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल दिखाया और पहली बार इस कप को जीत लिया। इसे पहले भारत ने साल 2005 और 2017 में फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन उसे सिर्फ उप विजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा था। इससे पहले एकदिवसीय विश्वकप में सिर्फ ऑस्ट्रेलिया (7 बार) , इंग्लैंड 4 बार और न्यूजीलैंड एक बार विश्वकप पर कब्जा बना पाया है। भारत इसी के साथ विश्वकप जीतने वाली पहली एशियाई महिला टीम बन गया है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ना केवल एकदिवसीय विश्वकप जीतने वाली पहली टीम बनी बल्कि ऐसी पहली महिला टीम भी बनी जिसने लीग चरण में 3 मैच गंवाए और फिर भी खिताब जीतने में कामयाब रही। इससे पहले पुरुष टीम में इंग्लैंड ने साल 2019 में यह कारनामा किया था।भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 299 रन बनाए थे जिसमें शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 87 रन बनाए। उन्होंने ये रन 78 गेंदों का सामना करते हुए बनाए। इसके अलावा दीप्ति शर्मा 58 रन बनाकर नाबाद रही। वहीं, शुरआत में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 45 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका कप्तान लौरा वोलवार्ट ने कमाल का शतक जड़ा पर वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाई।
INDvsPAK
पहली बार हुआ भारत बनाम पाकिस्तान का एशिया कप फाइनल

पहली बार भारत और पाकिस्तान का एशिया कप फाइनल दुबई के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया। 1984 से शुरु हुए इस टूर्नामेंट में कभी भी भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला नहीं खेला गया था। लेकिन इस बार भारत और पाकिस्तान का 3 बार मुकाबला हुआ और तीनों बार भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त दी।

जो रूट ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर लगाया पहला टेस्ट शतक

जो रूट के टेस्ट पदार्पण से ही उनको यह बात बहुत सालती होगी कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में आज तक टेस्ट शतक नहीं जड़ा। लेकिन आज जो रूट ने अपनी यह कमी भी पूरी कर दी। जो रूट ने ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में गुलाबी गेंद पर टेस्ट शतक जड़ा।

इससे पहले जो रूट ऑस्ट्रेलिया में शतक के करीब तो आए थे लेकिन 87 रनों पर आउट हो गए थे। यह स्कोर भी गाबा में ही आया था। जो रूट ने इस तरह अपने करियर का 40वां टेस्ट शतक जड़ा है।हालांकि अभी भी वह लाल गेंद के टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने का इंतजार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें
गोल्फ की उभरती सनसनी - युवाना सिंह - ज़िद, जुनून और जीत का सफर