1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. who is praful hinge sakib hussain 4 wickets on debut sunrisers hyderabad vs rajasthan royals
Last Modified: मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 (15:24 IST)

अनजान नाम, खतरनाक काम! हिंगे-साकिब ने डेब्यू में दिग्गजों को किया फेल, मां की कुर्बानी सुन भर आएंगी आंखें [VIDEO]

rr vs srh
Praful Hinge 3 wickets in 1 over, Sakib Hussain : आईपीएल के इतिहास में ऐसा बहुत कम देखने को मिला है, लेकिन इस बार Sunrisers Hyderabad के लिए दो अनकैप्ड गेंदबाज़ों ने मिलकर मैच का पूरा नक्शा बदल दिया। नागपुर के 24 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ Praful Hinge ने अपने डेब्यू मैच में इतिहास रच दिया, उन्होंने पहले ही ओवर में तीन विकेट झटककर वो कारनामा कर दिखाया, जो 2008 से लेकर अब तक कोई नहीं कर पाया था।
 
राजस्थान के बल्लेबाज़ों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। हिंगे ने वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को लगातार झटकों में आउट कर दिया। शुरुआत में ही 1/3 की हालत में पहुंची Rajasthan Royals कभी वापसी नहीं कर सकी। हिंगे ने दूसरे ओवर में कप्तान रियान पराग (Riyan Parag) को भी आउट किया और 4/34 के आंकड़े के साथ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।
 
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। दूसरे छोर से 21 वर्षीय Sakib Hussain ने भी डेब्यू को यादगार बना दिया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट लिए और यशस्वी जायसवाल, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई जैसे बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा।
 
दोनों युवा गेंदबाज़ों के इस धमाके ने मिलकर हैदराबाद को 57 रन की बड़ी जीत दिला दी।
 
 प्रफुल्ल हिंगे: संघर्ष, सपने और ऐतिहासिक शुरुआत


 
प्रफुल्ल हिंगे का सफर उतना आसान नहीं रहा जितना उनकी डेब्यू स्पेल दिखती है। विदर्भ से आने वाले हिंगे ने 13 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू किया था। शुरुआत में उन्हें ये तक नहीं पता था कि सीधे इंटरनेशनल टीम में नहीं पहुंचा जाता, घरेलू क्रिकेट का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
 
उनके पिता खुद भी तेज गेंदबाज़ बनना चाहते थे, लेकिन हालात ने उन्हें नौकरी की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपने बेटे को वही सपना जीने का पूरा मौका दिया।
 
2015 में अंडर-14 ट्रायल में फेल होना हिंगे के लिए पहला बड़ा झटका था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। लगातार मेहनत की और अगले ही साल चयन पा लिया।
 
घरेलू क्रिकेट में उन्होंने Ranji Trophy में विदर्भ के लिए खेलते हुए पहचान बनाई। इसी दौरान उनकी मुलाकात Umesh Yadav से हुई, जिनकी कहानी ने उन्हें काफी प्रेरित किया। एक समय ऐसा भी आया जब पीठ की चोट ने उनका करियर खतरे में डाल दिया था, लेकिन MRF Pace Foundation में ट्रेनिंग और Glenn McGrath जैसे दिग्गजों के मार्गदर्शन ने उन्हें वापस खड़ा किया।
 
हिंगे खुद कहते हैं कि उन्होंने डेब्यू से पहले ही लिख लिया था—“पहले मैच में 4-5 विकेट लूंगा।” और उन्होंने करके दिखा दिया।


 
 साकिब हुसैन: जज़्बा, गरीबी और मां का त्याग

 
बिहार के गोपालगंज से आने वाले साकिब हुसैन की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले साकिब के पिता ही घर के एकमात्र कमाने वाले थे, लेकिन चोट के कारण वो भी काम नहीं कर पा रहे थे। साकिब कभी आर्मी में जाना चाहते थे, लेकिन किस्मत उन्हें क्रिकेट के मैदान तक ले आई। शुरुआत में वो टेनिस बॉल क्रिकेट खेलकर 500-1000 रुपये कमाते थे, ताकि घर का खर्च चला सकें।
 
सबसे भावुक पल तब आया जब उनके पास स्पाइक्स खरीदने के पैसे नहीं थे। उस वक्त उनकी मां ने अपने गहने बेचकर उन्हें पहला स्पाइक्स (Spikes) दिलाया। साकिब हुसैन को प्रोफेशनल क्रिकेट में सही ग्रिप और तेज़ दौड़ के लिए स्पाइक्स की ज़रूरत थी, लेकिन उनके पास 10,000–15,000 के जूते खरीदने तक के पैसे नहीं थे। ऐसे में उनकी मां ने अपने गहने बेचकर उन्हें स्पाइक्स दिलाए, जिससे उनका क्रिकेट करियर आगे बढ़ सका।
यही त्याग साकिब की सबसे बड़ी ताकत बन गया। घरेलू स्तर पर उन्होंने Syed Mushtaq Ali Trophy में खेलते हुए पहचान बनाई और धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए।

एक समय Kolkata Knight Riders ने उन्हें खरीदा, लेकिन मौका नहीं मिला। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। स्पीड बढ़ाने पर काम किया, खुद को बेहतर बनाया और आखिरकार SRH ने उन पर भरोसा जताया।
 
डेब्यू मैच में 4/24 लेकर उन्होंने साबित कर दिया कि इंतज़ार बेकार नहीं गया।
 
 नई कहानी की शुरुआत
 
एक ही मैच में दो अनजान चेहरों का ऐसा धमाका IPL इतिहास में बेहद दुर्लभ है। प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने सिर्फ विकेट ही नहीं लिए, बल्कि ये भी दिखा दिया कि टैलेंट किसी बड़े नाम का मोहताज नहीं होता। अब सवाल यही है—क्या ये दोनों युवा गेंदबाज़ आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के अगले बड़े सितारे बनेंगे? फिलहाल, IPL 2026 की सबसे खूबसूरत कहानी तो इन्हीं के नाम लिखी जा चुकी है।

लेखक के बारे में
कृति शर्मा
कृति शर्मा एक पैशनेट स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और डिजीटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें वेबदुनिया के साथ लगभग 3 साल का अनुभव है।  अपने करियर की शुरुआत उन्होंने पॉकेट एफएम में स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर की थी। इंदौर के रेनैसां कॉलेज से BAJMC और  देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
शेन वॉर्न की मौत में ‘COVID 19 Vaccine का रोल’? बेटे जैक्सन का बड़ा दावा [VIDEO]