1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virat Kohli becomes fastest to reach 28 thousand runs in all format
Written By WD Sports Desk
Last Updated : सोमवार, 12 जनवरी 2026 (12:51 IST)

अब की बार 28 हजार रन पार, विराट कोहली ने बनाया एक और कीर्तिमान

Virat Kohli
भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूप में सबसे तेजी से 28 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले के दौरान सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

अपनी 624वीं पारी खेलते हुए कोहली ने न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर आदित्य अशोक पर चौका लगाकर यह मुकाम हासिल किया। तेंदुलकर ने यह मुकाम अपनी 644वीं पारी में हासिल किया था जबकि 28000 रन बनाने वाले क्लब में तीसरे खिलाड़ी श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा ने यह उपलब्धि अपनी 666वीं पारी में हासिल की थी। 
सैंतीस साल के कोहली ने इस मैच से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूप में 27,975 रन बनाए थे। तेंदुलकर ने 782 पारियों में कुल 34357 रन बनाए हैं जबकि संगकारा के नाम 666 पारियों में 28,016 रन दर्ज हैं।फरवरी 2023 में कोहली सबसे तेजी से 25 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने यह उपलब्धि 549 पारियों में हासिल किया की थी जो तेंदुलकर से 28 पारियां कम थीं।कोहली ने अक्टूबर 2023 में सबसे तेजी से 26 हजार रन पूरे किए जबकि एक साल बाद सितंबर 2024 में उन्होंने अपनी 594वीं पारी में 27 हजार रन पूरे किए।

मैच की बात करें तो शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली ने 22वें ओवर में ग्लेन फिलप्स पर एक रन लेकर महज 44 गेंद में छह चौके से अर्धशतक पूरा कर लिया।कोहली शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन 40वें ओवर में जैमीसन की गेंद को एक्स्ट्रा कवर में भेजने की कोशिश में मिड ऑफ पर ब्रेसवैल के हाथों लपके गए। कोहली ने  91 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाकर 93 रन बनाए।
ये भी पढ़ें
वाशिंगटन सुंदर चोट के कारण ODI टीम से बाहर, आयुष बदोनी को मिली जगह