शनिवार, 11 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Sunrisers franchise in spot of bother after purchasing pak leggie
Written By WD Sports Desk
Last Updated : शुक्रवार, 13 मार्च 2026 (19:16 IST)

पाक स्पिनर को 2.5 करोड़ रुपये में खरीदकर बुरी फंसी सनराइजर्स की मालकिन काव्या मारन

Pakistan Cricket
लंदन में आयोजित पुरुष हंड्रेड की नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को 1 लाख 90 हज़ार पाउंड (दो लाख 55 हज़ार अमेरिकी डॉलर) में खरीद लिया। अबरार इस टूर्नामेंट में भारतीय स्वामित्व वाली टीम द्वारा खरीदे जाने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बने।

भारतीय मीडिया समूह सन टीवी ने पिछले साल नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के नाम से जानी जाने वाली फ्रेंचाइजी का पूर्ण अधिग्रहण कर लिया था, जिसमें उन्होंने ईसीबी से 49 फ़ीसदी हिस्सेदारी और शेष 51 फ़ीसदी हिस्सेदारी यॉर्कशायर से लगभग 100 मिलियन पाउंड में खरीदी थी। इसके अलावा तीन अन्य हंड्रेड टीमों की भी हिस्सेदारी उन निवेशकों को बेची गई थी जो कि आईपीएल फ्रेंचाइजी के मालिक हैं।

सनराइज़र्स जिनकी सहयोगी फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद और एसए20 में सनराइज़र्स ईस्टर्न केप ने किसी भी सक्रिय पाकिस्तानी खिलाड़ी को अपने साथ नहीं जोड़ा था – लंच से ठीक पहले अबरार के लिए ट्रेंट रॉकेट्स के ख़िलाफ नीलामी जीत ली। लेकिन सोशल मीडिया पर एक अलग जंग छिड़ गई और काव्या मारन के इस फैसले से फैंस खुश नहीं दिखे क्योंकि कई बार अबरार ने चाय का कप हाथ में लेकर और शुभमन को गर्दन से इशारा कर भारतीयों का यह फिर भारतीय टीम का मजाक उड़ाया है।

उस्मान तारिक़ के बाद अबरार गुरुवार सुबह नीलामी में ख़रीदे गए दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे। तारिक को बर्मिंघम फ़ीनिक्स ने 1 लाख 40 हज़ार पाउंड में खरीदा। कई पाकिस्तानी खिलाड़ी पहले भी आईपीएल के स्वामित्व या आंशिक स्वामित्व वाली वैश्विक टी20 टीमों के लिए खेल चुके हैं लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के चलते 2008 के बाद से कोई भी सक्रिय पाकिस्तानी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आईपीएल में नहीं खेला है।

गुरुवार सुबह ससेक्स के ऑलराउंडर जेम्स कोल्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें पांच टीमों के बीच बोली के लिए होड़ लगने के बाद लंदन स्पिरिट ने 3 लाख 90 हज़ार पाउंड (5 लाख 22 हज़ार अमेरिकी डॉलर) में खरीदा। कोल्स का बेस प्राइस 75 हज़ार पाउंड था और उनके ऊपर शुरुआती बोली मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, फ़ीनिक्स और रॉकेट्स ने लगाई। 2 लाख 20 हज़ार पाउंड की बोली पर सनराइजर्स ने बोली में हिस्सा लिया और 2 लाख 60 हज़ार पाउंड की बोली पर रॉकेट्स ने अपने हाथ पीछे खींच लिए। इसके बाद सनराइजर्स के साथ भिड़ंत के बाद स्पिरिट ने कोल्स को खरीद लिया।

कोल्स इन गर्मियों में द हंड्रेड में चौथे सबसे अधिक कमाई करने वाले खिलाड़ी बनने वाले हैं, उनसे आगे केवल हैरी ब्रूक (4 लाख 65 हज़ार पाउंड, सनराइजर्स), फ़िल सॉल्ट (4 लाख 50 हज़ार पाउंड, वेल्श फ़ायर) और जोफ़्रा आर्चर (4 लाख पाउंड, सदर्न ब्रेव) हैं जिन्होंने गुरुवार की नीलामी से पहले ही करार कर लिया था।

नीलामी में जॉर्डन कॉक्स (3 लाख पाउंड, वेल्श फ़ायर), टॉम करन (2 लाख 60 हज़ार पाउंड, एमआई लंदन), आदिल राशिद (2 लाख 50 हज़ार पाउंड, सदर्न ब्रेव) को भी अच्छी ख़ासी रकम मिली। जो रूट पहले खिलाड़ी थे जिन्हें वेल्श फ़ायर ने 2 लाख 40 हज़ार पाउंड (3 लाख 21 हज़ार अमेरिकी डॉलर) में ख़रीदा, जबकि डैन लॉरेंस को सनराइजर्स ने 2 लाख 10 हज़ार पाउंड में खरीदा क्योंकि वह कोल्स को खरीदने में असफल हो गए।

एडन मारक्रम सबसे अधिक बोली पर बिकने वाले विदेशी खिलाड़ी रहे जिन्हें मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने 2 लाख पाउंड (2 लाख 77 हज़ार अमेरिकी डॉलर) में ख़रीदा। मारक्रम दो अन्य सुपर जायंट्स टीम के लिए भी खेलते हैं – एसए20 में वह डरबन सुपर जायंट्स के लिए खेलते हैं जबकि आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं।

स्कॉट क्यूरी को बर्मिंघम फ़ीनिक्स ने 21 हज़ार पाउंड और सैम बिलिंग्स को ट्रेंट रॉकेट्स ने 1 लाख 80 हज़ार पाउंड में ख़रीदा। वहीं इंग्लैंड के अंडर-19 कप्तान थॉमस रियू को सदर्न ब्रेव ने 80 हज़ार पाउंड में ख़रीदा।
ये भी पढ़ें
अगले सत्र में तीनों फॉर्मेट की 10 सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, देखें पूरा शेड्यूल (Video)