3 लाख का वाटर प्यूरीफायर लेकर इंदौर पहुंचे शुभमन गिल, शहर के दूषित पानी से भयभीत टीम इंडिया!
IND vs NZ Indore Match : भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। अब सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी को खेला जाना है। जहां एक ओर मैदान पर जीत का दबाव है, वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया खिलाड़ियों की सेहत को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहती। हाल के दिनों में इंदौर शहर दूषित पानी की वजह से चर्चा में रहा है। भागीरथपुरा इलाके में खराब पानी पीने से कई लोगों की जान जा चुकी है और कई मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। इसी वजह से भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती है।
टीम इंडिया इंदौर के फाइव स्टार होटल में ठहरी है, जहां आमतौर पर साफ पानी और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। इसके बावजूद कुछ रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने अपने साथ करीब 3 लाख रुपये की एक विशेष वॉटर प्यूरीफिकेशन मशीन (Water Purifier) मंगवाई है। यह मशीन RO से शुद्ध किए गए और बोतलबंद पानी को भी दोबारा पूरी तरह साफ करने में सक्षम है। इस प्यूरीफायर को गिल ने अपने निजी होटल कमरे में लगवाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टीम के मीडिया मैनेजर ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है और यह साफ नहीं किया गया है कि यह फैसला इंदौर के जल संकट की वजह से लिया गया या यह गिल की निजी सावधानी का हिस्सा है।
हालांकि होटल और स्टेडियम दोनों जगह सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था मौजूद है, फिर भी भारतीय टीम कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहती। इससे पहले भी टीम इंडिया के खिलाड़ी अपनी फिटनेस और डाइट को लेकर काफी सतर्क रहे हैं। विराट कोहली पहले से ही पानी और खानपान को लेकर बेहद अनुशासित माने जाते हैं और वह फ्रांस से आने वाला इवियन मिनरल वाटर (Evian Natural Spring water) पीते हैं।
बीसीसीआई ने भी खिलाड़ियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए टीम के साथ अलग से शेफ भेजे हैं, जो हर खिलाड़ी की जरूरत के हिसाब से भोजन तैयार करेंगे। इस बीच टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ धार्मिक स्थलों पर भी पहुंचे। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बगलामुखी मंदिर में पूजा की, जबकि विराट कोहली, कुलदीप यादव और केएल राहुल ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए।
अब सबकी नजरें इंदौर में होने वाले निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं। मैदान पर जीत का फैसला खिलाड़ियों के प्रदर्शन से होगा, लेकिन मैदान के बाहर टीम इंडिया यह साफ कर चुकी है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।