3 लगातार अर्धशतक लगाने वाले संजू सैमसन बने मैन ऑफ द सीरीज, सचिन ने की कायापलट
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट से नवाजा है।जिन अन्य खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था उनमें इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडन मार्क्रम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र और बल्लेबाज टिम सीफर्ट और अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक शामिल थे।
सैमसन को टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन पिछले 3 मैच में उन्होंने 89, नाबाद 97 और 89 रन की पारी खेल कर भारत को फाइनल में जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में अब तक 5 मैच में 80 के औसत और 205.73 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए हैं।
संजू सैमसन ने कहा कि टीम से बाहर चलने के कारण पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सचिन तेंदुलकर से उनसे घंटो बातचीत हुई थी। यही कारण था कि जब उनको मौका मिला उन्होंने पलटकर नहीं देखा।
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन ने कहा, ” यह किसी सपने जैसा लग रहा है। मैं बहुत खु़श हूं और आभारी भी। शब्द कम पड़ रहे हैं। भावनाएं संभालना मुश्किल हो रहा है। मेरे तीन अर्धशतकों की बात करें तो सच कहूं तो इसकी शुरुआत एक दो साल पहले ही हो गई थी। 2024 विश्व कप में मैं टीम का हिस्सा था, लेकिन मुझे खेलने का मौक़ा नहीं मिला। तब से मैं लगातार खु़द को उन पलों में देखने की कोशिश कर रहा था। लगातार मेहनत कर रहा था। मैं ठीक वही करना चाहता था जो आज हुआ है। न्यूज़ीलैंड सीरीज़ के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था। ऐसा लग रहा था जैसे मेरे सारे सपने बिखर गए हों। मैं सोच रहा था कि अब क्या करूं। लेकिन शायद भगवान ने कुछ और ही तय कर रखा था।
बड़े सपने देखने की हिम्मत करने का मुझे इनाम मिला है। कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मदद करने की कोशिश की। पिछले कुछ महीनों से मेरी सचिन सर से लगातार बात हो रही थी। मैंने ही उनसे संपर्क किया था और हमारे बीच लंबी बातचीत हुई। उनके जैसा मार्गदर्शन मिल जाए तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है। जिन लोगों ने मेरा साथ दिया मैं उन सभी का दिल से आभारी हूं। अब आगे क्या हासिल करना है। सच कहूं तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। अभी मैं बस इस पल का आनंद लेना चाहता हूं। कुछ दिनों बाद बैठकर सोचूंगा कि आगे क्या करना है।”