गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Prime Minister Modi said, Chetan Chauhan was a brilliant cricketer and hardworking politician
Written By
Last Modified: रविवार, 16 अगस्त 2020 (20:50 IST)

चेतन चौहान शानदार क्रिकेटर और मेहनती राजनेता थे : प्रधानमंत्री मोदी

चेतन चौहान शानदार क्रिकेटर और मेहनती राजनेता थे : प्रधानमंत्री मोदी - Prime Minister Modi said, Chetan Chauhan was a brilliant cricketer and hardworking politician
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज चेतन चौहान के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे एक शानदार क्रिकेटर और मेहनती राजनेता थे। चौहान का रविवार शाम करीब 5 बजे हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेंदाता अस्पताल में निधन हो गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, चेतन चौहान ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। भाजपा को उत्तर प्रदेश में मजबूत करने में उनका प्रभावी योगदान रहा है। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री चेतन चौहान के निधन पर शोक प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। योगी ने ट्वीट किया, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी चेतन चौहान के असामयिक निधन का व्यथित कर देने वाला समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम, चौहान के परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति एवं दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।ॐ शांति।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में चौहान ने अपने विभागीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। चौहान ने जन आकांक्षाओं का सदैव सम्मान रखा। वे अमरोहा जिले के नौगांवा सादात सीट से निर्वाचित हुए थे।

वे दो बार लोकसभा सदस्य भी रहे। उन्होंने कहा कि चौहान एक लोकप्रिय क्रिकेटर भी रहे और 40 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन से समाज, सरकार और खेल जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने चौहान के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा है कि चेतन चौहान मृदभाषी, कर्मठ एवं सक्रिय राजनेता थे। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री राकांपा नेता सुप्रिया सुले ने चौहान के निधन पर शोक जताते हुए लिखा, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन के बारे में सुनकर दुःख हुआ। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदना और प्रार्थना। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
Mahendra Singh Dhoni : धोनी के संन्यास लेने पर भावुक हुई पत्नी साक्षी, कहा- आपने आंसुओं को रोका होगा...