शनिवार, 11 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Pakistan cricketers laud exemplary professionalism of Team India
Written By WD Sports Desk
Last Updated : सोमवार, 9 मार्च 2026 (18:01 IST)

पूर्व पाकिस्तान क्रिकेटर्स ने भी कहा, T20I टीम हो तो इंडिया जैसी

Varun Chakraborty
भारत के लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास रचने के बाद पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम की सराहना की है।पूर्व टेस्ट कप्तान और महान बल्लेबाज जावेद मियांदाद ने कहा कि कोई भी टीम जो सेमीफाइनल और फाइनल में 250 से अधिक का स्कोर बनाती है वह चैंपियन बनने की हकदार है। भारत ने रविवार को अहमदाबाद में फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 255 रन बनाने के बाद 96 रन से जीत दर्ज की।मियांदाद ने कहा, ‘‘उनकी टीम (भारत) अब एक मजबूत प्रक्रिया आधारित क्रिकेट ढांचे का फायदा उठा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप देखें कि वे अब कितनी प्रतिभा तैयार कर रहे हैं तो यह उनके मजबूत ढांचे की वजह से है। उनके पास बल्लेबाज, स्पिनर या तेज गेंदबाजों की कमी नहीं है और उनके युवा खिलाड़ी नतीजा हासिल करने के लिए खेलते हैं और उन्हें खेल की जानकारी है।’’

इस पूर्व महान खिलाड़ी ने कहा कि जब किसी टीम के ड्रेसिंग रूम में जीतने की संस्कृति और मानसिकता बन जाती है तो इससे हमेशा खिताब जीतते हैं, यही वजह है कि भारत ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे ड्रेसिंग रूम में एक बार ऐसा माहौल था और हम अक्सर जीतते थे।’’

पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा कि भारत की जीत कोई हैरानी की बात नहीं थी क्योंकि उनके खिलाड़ी अब दबाव में खेलने के आदी हो गए हैं।उन्होंने कहा, ‘‘जब आप नियमित तौर पर बड़ी प्रतियोगिताओं के फाइनल में पहुंचते हैं तो खिलाड़ी भी जीतने के आदी हो जाते हैं।’’

राशिद ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम में निरंतरता और स्थिरता भी उनकी सफलता का एक अहम कारण है जबकि इसके विपरीत पाकिस्तान में बार-बार बदलाव और बेसब्री ने कई समस्याएं पैदा की हैं।

पूर्व टेस्ट तेज गेंदबाज सिकंदर बख्त ने कहा कि जब तक पसंद, नापसंद, चयन और कप्तानी के गलत फैसले लेने की मौजूदा संस्कृति खत्म नहीं होती तब तक पाकिस्तान टीम बड़ी प्रतियोगिताओं में बड़ी टीमों के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।

सिकंदर ने कहा, ‘‘हमें अपनी नाकामियों के लिए बहाने ढूंढना बंद करना होगा और सही फैसले लेने होंगे।’’पिछले साल तक पाकिस्तान महिला टीम के मुख्य कोच रहे पूर्व टेस्ट बल्लेबाज और मुख्य चयनकर्ता मुहम्मद वसीम ने कहा कि जब तक पाकिस्तान में हर कोई एक टीम के तौर पर भारत के वर्चस्व को स्वीकार नहीं कर लेता तब तक कुछ नहीं बदलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आम तौर पर हम जब भी भारत से हारते हैं या वे बड़ी प्रतियोगिताओं में अच्छा करते हैं तो हम कमियां निकालने और साजिश की बातें फैलाने की कोशिश करते हैं। हमें इसे रोकना होगा और यह स्वीकार करना होगा कि उनकी टीम एक शीर्ष टीम है और हमें अपनी गलतियों से सीखकर खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।’’

पूर्व मुख्य कोच मोहसिन खान ने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड लाल गेंद के क्रिकेट और टेस्ट क्रिकेट पर इतना ध्यान दे रहा है इसलिए वे ऐसे खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं जो कड़ी मेहनत से आगे बढ़ते हैं।मोहसिन ने कहा, ‘‘इसके अलावा मुझे भारतीय खिलाड़ियों में कोई असुरक्षा की भावना नहीं दिखती। शायद इसलिए क्योंकि वित्तीय तौर पर उनका बोर्ड उनका बहुत अच्छे से ध्यान रखता है।’’
ये भी पढ़ें
वर्ल्ड चैंपियन बनते ही टीम इंडिया पर इनामों की बारिश, BCCI ने दिया करोड़ों का बड़ा तोहफा