शनिवार, 11 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Pakistan Cricket Board refutes rumours of penalty on National cricketers
Written By WD Sports Desk
Last Modified: शनिवार, 14 मार्च 2026 (18:39 IST)

पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर नहीं लगा जुर्माना, PCB ने खबरों को बताया अफवाह

pakistan cricket team
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शनिवार को कहा कि उसने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहने के कारण टीम के किसी भी सदस्य पर जुर्माना नहीं लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की टीम के सुपर आठ चरण से बाहर होने के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन पीसीबी के प्रवक्ता आमिर मीर ने इसका खंडन किया।मीर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है, लेकिन बोर्ड खिलाड़ियों के लिए एक फार्मूला तैयार करने के बारे में सोच रहा है क्योंकि अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें अच्छी प्रोत्साहन राशि मिलती है।’’

उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लगभग 6–7 करोड़ पाकिस्तानी रुपए मिलते हैं और इसलिए बोर्ड उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराने पर विचार कर रहा है।मीर ने कहा, ‘‘लेकिन अभी तक किसी भी तरह का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है।’’

रिपोर्टों के अनुसार T20I विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रहने के बाद पाकिस्तान के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपए का जुर्माना लगाया गया।

पाकिस्तान के क्रिकेटरों को मैच और टूर फीस के अलावा केंद्रीय अनुबंध के लिए मासिक रिटेनर के तौर पर धनराशि मिलती है। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियां में मैच जीतने पर उन्हें बोनस भी मिलता है। खिलाड़ियों को बोर्ड के प्रायोजन समझौते की धनराशि से भी कुछ हिस्सा मिलता है।

पिछले साल यह भी सहमति बनी थी कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से पीसीबी को मिलने वाले लगभग तीन करोड़ 40 लाख अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ष के वार्षिक राजस्व का तीन प्रतिशत हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा।
ये भी पढ़ें
विवादों के बीच RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल ने की गुपचुप शादी, देखें Video