न्यूजीलैंड ने तीसरा वनडे 41 रनों से जीतकर भारत को पहली बार घर में हराई 2-1 से सीरीज
INDvsNZ इंदौर के होलकर स्टेडियम में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रनों से हराकर पहली बार भारतीय सरजमीन पर टीम इंडिया को एकदिवसीय सीरीज 2-1 से हरा दिया।
पहले डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शतक लगाकर 337 रनों का पहाड़ नुमा स्कोर बनाया। उसके बाद कीवी गेंदबाज और टीम की बढ़िया फील्डिंग ने मेहमान टीम को जीत दिला दी। भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई और 41 रनों से मैच गंवा बैठी।
338 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 71 रनों पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में थी। भला हो नीतिश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा का जिन्होंने अर्धशतक मारकर शतकवीर विराट कोहली का साथ दिया और मैच में लड़ाई दिखाई।
डैरिल मिचेल (137) और ग्लेन फिलिप्स (106) की शानदार शतकीय पारियों के बाद क्रिस्टियन क्लार्क और जैकरी फॉक्स ने तीन-तीन विकेट की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत से वनडे सीरीज जीती।
भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने आखिरी तक न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर प्रहार करते हुए 124 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा की जूझारू पारियों के बावजूद न्यूजीलैंड ने रविवार को तीसरे और आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 41 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ उसने तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 71 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिये। रोहित शर्मा (11), कप्तान शुभमन गिल (23), श्रेयस अय्यर (तीन) और केएल राहुल (एक) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। ऐसे संकट के समय विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 रन जोड़े। 28वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क ने नीतीश कुमार रेड्डी को आउट किया। नीतीश कुमार रेड्डी ने 57 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 53 रनों की पारी खेली।
रवींद्र जडेजा छठें विकेट के रूप में 12 रन बनाकर आउट हुये। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने हर्षित राणा ने विराट कोहली के साथ सातवें विकेट के लिए 99 रन जोड़कर भारत को जीत की दहलीज तक ले गये। इसी दौरान 44वें ओवर में जैकरी फॉक्स ने पहले हर्षित राणा और फिर मोहम्मद सिराज को आउटकर भारत को एक बार फिर से संकट में डाल दिया। हर्षित राणा ने 43 गेंदों में चार चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 53 रन बनाये। 46वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क ने विराट कोहली को आउटकर भारत की मैच जीतने की उम्मीद को तगड़ा झटका दिया। विराट कोहली ने 108 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के लगाते हुए 124 रन बनाये। 46वें ओवर में कुलदीप यादव (पांच) को फिलिप्स ने रनआउटकर भारतीय पारी का 296 के स्कोर पर अंत कर दिया।
न्यूजीलैंड के लिए क्रिस्टियन क्लार्क और जैकरी फॉक्स ने तीन-तीन विकेट लिये। जेडेन लेनॉक्स को दो विकेट मिले। काइल जेमीसन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।